प्रेमिका को चेन, पत्नी को भनक… फिर सड़क पर शुरू हुआ फिल्मी सीन

राँची।वीकेंड की चहल-पहल, शहर की सबसे व्यस्त सड़क और अचानक शुरू हुआ ऐसा हाई-वोल्टेज ड्रामा, जिसने राहगीरों के कदम रोक दिए। शनिवार को राजधानी के अलबर्ट एक्का चौक पर एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, मानो किसी बॉलीवुड फिल्म का क्लाइमेक्स शूट हो रहा हो।

कहानी में ट्विस्ट तब आया, जब एक पति अपनी कथित प्रेमिका को महंगी सोने की चेन गिफ्ट देकर दुकान से बाहर निकला। लेकिन उसे क्या पता था कि उसकी पत्नी काफी देर से उसकी हर हरकत पर नजर रखे हुए है। जैसे ही दोनों चौक के पास पहुंचे, पत्नी ने फिल्मी अंदाज में एंट्री मारी और दोनों को सरेआम घेर लिया।
हाथ में गिफ्ट पैक देख पत्नी का गुस्सा फूट पड़ा। सड़क पर ही तीखी नोंक-झोंक शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पत्नी का दर्द भी शब्दों में छलक पड़ा”घर चलाने के लिए पैसे नहीं हैं, लेकिन यहां सोने की चेन लुटाई जा रही है!”
कुछ ही मिनटों में मेन रोड पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हर कोई इस ‘लाइव फैमिली ड्रामा’ का गवाह बन गया। किसी ने वीडियो बनाना शुरू कर दिया, तो कोई बीच-बचाव की कोशिश करता नजर आया। माहौल ऐसा था, जैसे किसी फिल्म का चरम दृश्य चल रहा हो।
आखिरकार पीसीआर और ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची। काफी समझाइश और हस्तक्षेप के बाद मामला शांत कराया गया और तीनों पक्षों को वहां से रवाना किया गया।
शनिवार की यह घटना देर तक शहर में चर्चा का विषय बनी रही। अलबर्ट एक्का चौक पर कुछ देर के लिए ट्रैफिक से ज्यादा लोगों की नजरें इस रिश्तों के ‘फिल्मी क्लाइमेक्स’ पर टिकी रहीं।

