चाईबासा: कबाड़ी व्यवसायी की बेरहमी से हत्या, शव को पत्थर से बांधकर कारो नदी में फेंका

 

​चाईबासा।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक कबाड़ी व्यवसायी की बेरहमी से हत्या कर दी गई और साक्ष्य मिटाने के इरादे से उसके शव को भारी पत्थर से बांधकर कारो नदी में विसर्जित कर दिया गया। रविवार सुबह नदी किनारे शव मिलने के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

नदी से बरामद शव की पहचान 39 वर्षीय कुर्मान शेख के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा का निवासी था। कुर्मान गुवा बाजार और उसके आसपास के क्षेत्रों में घूम-घूमकर लोहे का कबाड़ खरीदने का काम करता था। वह गुवा थाना क्षेत्र के ही हिरजीहाटिंग में अपने एक साथी अल्ताफ शेख के साथ किराए के मकान में रहता था।

जानकारी के मुताबिक, कुर्मान का रूममेट अल्ताफ शेख शनिवार दोपहर को ही जनशताब्दी एक्सप्रेस पकड़कर अपने घर मुर्शिदाबाद लौट गया था। वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि कुर्मान को शनिवार रात करीब आठ बजे तक इलाके में देखा गया था, जिसके बाद से वह लापता था। रविवार सुबह अचानक कारो नदी में उसका शव तैरता हुआ मिला।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई गई है कि अपराधियों ने कुर्मान के सिर पर किसी भारी वस्तु या पत्थर से वार करके उसे मौत के घाट उतारा है। हत्या के बाद शव की पहचान छुपाने और सबूतों को नष्ट करने के लिए उसे बड़े पत्थर के सहारे नदी में डुबोया गया था।

​घटना की सूचना मिलते ही गुवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतक के करीबियों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही, वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच (साइबर व मोबाइल लोकेशन आदि) के आधार पर मामले की तफ्तीश जारी है और जल्द ही इस पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

error: Content is protected !!