गढ़वा के सालो जंगल में दिनदहाड़े गोलियों की गूंज, बाइक सवार युवक की हत्या से दहला इलाका,जांच में जुटी है पुलिस…

 

गढ़वा।झारखण्ड के गढ़वा जिले के बड़गड़ थाना क्षेत्र के सालो जंगल में रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक बाइक सवार को गोली मार दी। वारदात ललमटिया मोड़ के समीप हुई, जहां हमलावरों ने फिल्मी अंदाज में बाइक का पीछा किया, उसे रुकवाया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर मौके से फरार हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच अपाचे बाइक (JH 20 F 8585) पर सवार एक व्यक्ति बड़गड़ से भंडरिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार दो अपराधियों ने उसका पीछा किया। ललमटिया मोड़ के पास उसे रोककर गोलियां बरसा दीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही बड़गड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल भंडरिया अस्पताल भेजा। चिकित्सकों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।पुलिस ने मृतक की बाइक को कब्जे में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस पहचान के साथ-साथ हमलावरों की तलाश में आसपास के इलाकों में जांच और छापेमारी कर रही है।

दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

error: Content is protected !!