हजारीबाग के डेंटल कॉलेज में सनसनी… स्टोर इंचार्ज की रहस्यमयी हत्या, साथ खाना खाने वाले दो साथी रातोंरात फरार…जांच में जुटी है पुलिस

हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग के डेमोटांड स्थित कॉलेज ऑफ साइंस एंड डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में शनिवार देर रात हुई एक हत्या ने पूरे परिसर में सनसनी फैला दी। अस्पताल के स्टोर इंचार्ज विकास कुमार सिंह संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिन लोगों के साथ उन्होंने रात में खाना खाया और कमरे में सोने गए थे, उनमें से दो युवक घटना के बाद से लापता हैं।मृतक बिहार के रोहतास जिले के अरिहत थाना क्षेत्र अंतर्गत भस्वारा गांव का निवासी था और डेंटल कॉलेज में स्टोर इंचार्ज के पद पर कार्यरत था।
मृतक के रिश्तेदार ब्रजकुमार सिंह ने आरोप लगाया है कि रसोई में काम करने वाले गिरिडीह निवासी पवन कुमार, मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के भेलवारा गांव निवासी दशरथ यादव और अर्जुन पर हत्या का संदेह है। आरोप है कि घटना के बाद पवन कुमार और अर्जुन मौके से फरार हो गए, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
अस्पताल कर्मियों के अनुसार, घटना वाली रात विकास समेत चारों लोगों ने साथ बैठकर खाना खाया था। इसके बाद सभी एक ही कमरे में सोने चले गए। लेकिन सुबह जब कमरे का दरवाजा खुला तो विकास कुमार सिंह का शव अंदर पड़ा मिला। वहीं, उसके दो साथी पवन और अर्जुन गायब थे, जिससे मामला और भी रहस्यमय हो गया।
सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने हॉस्पिटल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है और सभी पहलुओं पर जांच जारी है।
फिलहाल हत्या की असली वजह सामने नहीं आई है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ-साथ पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहराई से जांच कर रही है।

