राँची के पहाड़ी मंदिर में सावन की तैयारियां तेज: उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने किया निरीक्षण, कांच (शीशे) की पूजन सामग्री पर लगा पूर्ण प्रतिबंध

​राँची। आगामी सावन पर्व को लेकर राँची जिला प्रशासन  पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। रविवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने ऐतिहासिक पहाड़ी मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया और वहां चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उपायुक्त ने सावन माह में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुलभ दर्शन को लेकर अधिकारियों को कई कड़े और स्पष्ट निर्देश जारी किए। निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने जिला प्रशासन की ओर से पहाड़ी बाबा की विशेष पूजा-अर्चना कर राँची वासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

सुरक्षा के मद्देनजर शीशे की वस्तुओं पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

​श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए उपायुक्त ने बड़ा फैसला लिया है। सावन पर्व के दौरान पहाड़ी मंदिर परिसर में शीशे (कांच) की कोई भी पूजन वस्तु पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी। उपायुक्त ने स्थानीय दुकानदारों से भी सख्त अपील की है कि वे श्रद्धालुओं को शीशे के बर्तनों या पात्रों में कोई भी पूजन सामग्री न दें, ताकि भीड़ के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना या चोट लगने के खतरे को टाला जा सके।

समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश

​निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पहाड़ी बाबा मंदिर तक जाने वाले सीढ़ी मार्ग, रास्तों में बिछाए जा रहे पेवर ब्लॉक्स, विद्युत आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था और शौचालयों के निर्माण कार्य का बारीक जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पहाड़ी बाबा राँची वासियों की अगाध आस्था के केंद्र हैं, इसलिए सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाए और इन्हें समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।

प्रशासन द्वारा जारी किए गए मुख्य दिशा-निर्देश:

  • सुगम मार्ग: श्रद्धालुओं के लिए सीढ़ी मार्ग और मुख्य रास्तों का निर्माण बिना किसी बाधा के जल्द पूरा किया जाए।
  • मूलभूत सुविधाएं: मंदिर परिसर और रास्तों में पर्याप्त संख्या में पेयजल, रोशनी, शौचालय और श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित हो।
  • प्रबंधन: भीड़ को नियंत्रित करने, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने और साफ-सफाई के लिए एक प्रभावी और चाक-चौबंद प्लान तैयार किया जाए।
  • नियमित समीक्षा: संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे रोजाना कार्य की प्रगति की समीक्षा करें और कहीं भी कमी दिखने पर तुरंत सुधार करें।

​निरीक्षण के दौरान पहाड़ी मंदिर समिति के सदस्यों ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, सिटी एसपी  पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, प्रशिक्षु आईएएस  आस्था शरण, राँची नगर निगम के अपर प्रशासक संजय कुमार, एडीएम राँची  धनंजय सहित भवन निर्माण, विद्युत विभाग और एनआरईपी के कार्यपालक अभियंता व मंदिर समिति के प्रमुख सदस्य उपस्थित थे।

error: Content is protected !!