पलामू: शटडाउन के बावजूद हाईटेंशन तार में दौड़ा करंट, खंभे पर चढ़े बिजली मिस्त्री की दर्दनाक मौत; परिजनों का भारी हंगामा

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिला अंतर्गत तरहसी थाना क्षेत्र के सेलारी गांव (सुखरो टोला) में बीती रात एक बड़ा हादसा हो गया। गांव में खराब बिजली ठीक करने के लिए पोल पर चढ़े एक अनुबंध बिजली मिस्त्री की करंट लगने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक मिस्त्री की पहचान परसवान निवासी सत्येंद्र महतो के रूप में हुई है, जो पिछले 8 वर्षों से विभाग में अनुबंध पर कार्यरत था।
जानकारी के अनुसार, सेलारी गांव में पिछले एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप पड़ी थी। गांव के ट्रांसफार्मर में आई इसी खराबी को दूर करने के लिए सत्येंद्र महतो को भेजा गया था। बताया जा रहा है कि काम शुरू करने से पहले नियमानुसार शटडाउन लिया गया था। इसके बावजूद, जब सत्येंद्र पोल पर चढ़कर मरम्मत का काम कर रहा था, तभी अचानक 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन तार में करंट दौड़ गया। करंट की चपेट में आने से सत्येंद्र की बिजली पोल पर ही मौत हो गई और उसका शव वहीं फंसा रहा।
घटना के वक्त सत्येंद्र के साथ तीन अन्य बिजली कर्मी भी मौके पर मौजूद थे, लेकिन हादसा होते ही वे सभी डरकर मौके से फरार हो गए। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और आक्रोशित हो उठे।
परिजनों ने बिजली विभाग के प्रति गहरा रोष व्यक्त करते हुए शव को खंभे से नीचे उतारने आए विभागीय कर्मियों को करीब चार घंटे तक रोक कर रखा। ग्रामीणों और परिजनों का साफ कहना था कि जब तक विभाग के बड़े अधिकारी मौके पर आकर उचित मुआवजे और नौकरी का लिखित आश्वासन नहीं देते, तब तक शव को नीचे नहीं उतारने दिया जाएगा। देखते ही देखते घटनास्थल पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई और भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद पुलिस को भी मौके पर पहुंचना पड़ा।
5 लाख मुआवजा और 10 हजार तत्काल मदद पर बनी सहमति
रात करीब 9 बजे शुरू हुआ यह हंगामा और विवाद देर रात 11 बजे तक चलता रहा। बाद में विभाग के जूनियर इंजीनियर, तरहसी के अंचल अधिकारी हरिश्चन्द्र मुंडा और अन्य जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। सरकारी व विभागीय प्रावधानों के तहत परिजनों को 5 लाख रुपये मुआवजा देने तथा अंतिम संस्कार के लिए तत्काल 10 हजार रुपये नकद देने की घोषणा के बाद ही परिजन शांत हुए, जिसके बाद शव को पोल से नीचे उतारा जा सका।
इस गंभीर हादसे को लेकर सहायक अभियंता विकास कुमार ने कहा कि शटडाउन लेने के बावजूद लाइन में करंट आ जाना एक बेहद गंभीर मामला है। इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर यह किसी तकनीकी गड़बड़ी या बड़ी लापरवाही का परिणाम लग रहा है, जिसे लेकर विभागीय स्तर पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
