गिरिडीह: देवरी में महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, मायके वालों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

गिरिडीह।जिले के देवरी थाना क्षेत्र अंतर्गत नयासांखो गांव से एक 24 वर्षीय विवाहिता शेंपू देवी का शव उसके ससुराल के घर से संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने और सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को आत्महत्या का रूप देने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका अपने पीछे दो मासूम बच्चे एक चार साल का बेटा और एक साल की बेटी छोड़ गई है।
घटना के संबंध में मृतका के भाई आशीष चौबे ने बताया कि उनकी बहन शेंपू देवी की शादी वर्ष 2021 में तिलयडीह गांव के निवासी बसंत तिवारी के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले सोने की चेन की मांग को लेकर शेंपू को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।
परिजनों का आरोप है कि सोने की चेन की मांग पूरी होने के बाद भी ससुराल वालों का लालच कम नहीं हुआ और वे पैसों की मांग को लेकर शेंपू के साथ अक्सर विवाद करने लगे। इस बीच, शेंपू के पति ने फोन पर सूचना दी कि उसने आत्महत्या कर ली है। लेकिन जब मायके वाले तिलयडीह पहुंचे, तो वहां के हालात देखकर उन्होंने हत्या की आशंका जताई।
मृतका के भाई आशीष चौबे ने सीधे तौर पर आरोप लगाया है कि शेंपू के पति बसंत कुमार तिवारी के उकसावे पर ही परिवार के अन्य सदस्यों ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही देवरी थाना के एएसआई राधेश्याम चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा कि यह आत्महत्या है या हत्या। मृतका के मायके पक्ष द्वारा जो भी लिखित शिकायत (आवेदन) दी जाएगी, उसके आधार पर पुलिस अविलंब प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।दूसरी ओर, मृतका के ससुराल पक्ष के लोगों ने मायके वालों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को पूरी तरह से खारिज किया है। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू को ध्यान में रखकर गहराई से तफ्तीश कर रही है।

