दुमका में डॉक्टर के एक स्टेटस से मचा हड़कंप,लिखा- ‘जहर खाने जा रहा हूँ, बचा लो’, आनन-फानन में होटल पहुंची पुलिस और परिजन

 

दुमका।सोशल मीडिया पर चिकित्सक के एक स्टेटस ने दुमका में हड़कंप मचा दिया। व्हाट्सएप स्टेटस पर महज एक लाइन- ‘जहर खाने जा रहा हूं, बचा लो’लिखकर पोस्ट किए जाने के बाद उनके परिजनों और शुभचिंतकों में बेचैनी फैल गई। पोस्ट देखने वालों को किसी अनहोनी की आशंका सताने लगी। इसके बाद तत्काल पुलिस और परिजनों को इसकी सूचना दी गई। कुछ ही देर में पुलिस और परिजन होटल पहुंच गए।

मामला चिकित्सक डॉ. मनीष भारती से जुड़ा है। बताया जाता है कि उन्होंने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर जहर खाने की बात लिखी थी। उनके इस संदेश की जानकारी मिलते ही सामाजिक कार्यकर्ता जतीन कुमार सक्रिय हुए। उन्होंने तत्काल डॉ. मनीष भारती के परिजनों को इसकी सूचना दी और पुलिस को भी पूरे मामले से अवगत कराया।

होटल के कमरा नंबर 108 में ठहरे थे चिकित्सक

सूचना मिलते ही परिजन आनन-फानन में पुलिस लाइन के पास स्थित होटल हैरिटेज पहुंचे। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बताया गया कि डॉ. मनीष भारती होटल के कमरा नंबर 108 में ठहरे हुए थे। होटल पहुंचने के बाद पुलिस और परिजनों ने उनसे संपर्क किया और बातचीत कर उन्हें समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया। सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट के बाद सभी किसी अनहोनी की आशंका को लेकर परेशान थे।

पारिवारिक विवाद को बताया जा रहा वजह

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पारिवारिक विवाद के कारण डॉ. मनीष भारती ने इस तरह का स्टेटस पोस्ट किया था। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह और परिस्थितियों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई थी। फिलहाल पुलिस और परिजन उनसे बातचीत कर स्थिति सामान्य करने के प्रयास में जुटे थे।

समाचार लिखे जाने तक उनके द्वारा किसी विषाक्त पदार्थ का सेवन किए जाने की पुष्टि नहीं हुई थी। उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर भी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई थी।

error: Content is protected !!