जमशेदपुर में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 10 स्प्लेंडर बाइक बरामद,छह पकड़े गए, गिरोह में पांच नाबालिग भी शामिल
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे गिरोह पर पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। जादूगोड़ा और धालभूमगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने गिरोह के छह सदस्यों को पकड़ा है, जिनमें पांच नाबालिग हैं। इनकी निशानदेही पर चोरी की 10 हीरो स्प्लेंडर बाइक बरामद की गई हैं।
एसएसपी डॉ. ऐहतेशाम वकारिब के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने गिरोह के सदस्यों को अपने शिकंजे में लिया। पूछताछ में चोरी की कई वारदातों का खुलासा हुआ। इसके बाद आरोपियों की निशानदेही पर छिपाकर रखी गई 10 स्प्लेंडर बाइक बरामद कर ली गईं।
गिरोह में पांच नाबालिग, एक बालिग जेल भेजा गया
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि बाइक चोरी के गिरोह में पांच विधि-विरुद्ध किशोर शामिल हैं। पुलिस ने एक बालिग आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि पांचों किशोरों को संप्रेक्षण गृह भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने जिले में कितनी बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है और चोरी की गाड़ियों को किन लोगों तक पहुंचाया जाता था। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी की बाइक खरीदने वालों की तलाश भी की जा रही है।चोरी की 10 बाइक की बरामदगी के साथ पुलिस की इस कार्रवाई को वाहन चोरों के नेटवर्क पर बड़ी चोट माना जा रहा है।

