चाईबासा: 14 साल जेल काटकर लौटा था, अब अपनी ही भतीजी का कातिल बना; समोसे का लालच देकर 11 साल की बच्ची को ले गया था–

–सिकुरसाई में मासूम की हत्या से गोप समाज में उबाल, बैठक कर आरोपी का सामाजिक बहिष्कार; मां और भाई ने भी जतायी नाराजगी, जेल में मिलने और जमानत के लिए पैरवी नहीं करने का फैसला

चाईबासा। जिस परिवार में बच्चों को अपनों की गोद में सबसे ज्यादा सुरक्षित माना जाता है, उसी रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना ने पश्चिमी सिंहभूम के सिकुरसाई गांव को झकझोर कर रख दिया है। 11 साल की मासूम को कोई अनजान नहीं, बल्कि उसका अपना बड़ा पिता (सगे दादा का भाई/पिता का बड़ा भाई) समोसा खिलाने के बहाने साइकिल पर बैठाकर ले गया था। आरोप है कि उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और पकड़े जाने के डर से उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। इस जघन्य वारदात के बाद सोमवार को गोप समाज की बैठक हुई, जिसमें आरोपी सन्नी गोप का सामाजिक बहिष्कार करने का बड़ा फैसला लिया गया।

बैठक में समाज के लोगों ने साफ शब्दों में कहा कि रिश्ते की आड़ में मासूम के साथ ऐसा घिनौना अपराध करने वाले व्यक्ति के लिए समाज में कोई जगह नहीं है। आरोपी की मां और भाई ने भी उसके कृत्य पर गहरा दुख और नाराजगी जतायी। समाज ने निर्णय लिया कि कोई भी व्यक्ति जेल में उससे मुलाकात नहीं करेगा और न ही उसकी जमानत या रिहाई के लिए पैरवी करेगा।

14 साल जेल काटकर लौटा था, फिर उसी गांव में बना मासूम का कातिल

इस घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू आरोपी का आपराधिक इतिहास है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 35 वर्षीय सन्नी गोप हत्या के एक पुराने मामले में 14 साल की सजा काट चुका है। सात अप्रैल 2024 को जेल से बाहर आने के बाद वह वर्ष 2025 में मजदूरी करने गुजरात चला गया था। वर्ष 2026 में गांव लौटकर दिहाड़ी मजदूरी कर रहा था। लेकिन अब उस पर अपनी ही मासूम भतीजी के साथ दुष्कर्म और हत्या का गंभीर आरोप है।

समोसे का लालच, फिर सुनसान जगह पर ले जाकर वारदात

पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर की शाम करीब 4:30 बजे आरोपी ने बच्ची को समोसा खिलाने का लालच दिया और साइकिल पर बैठाकर चाईबासा के कचहरी तालाब ले गया। इसके बाद अंधेरा होने पर रेलवे स्टेशन होते हुए डिलियामार्चा की ओर सुनसान जगह पर ले गया। आरोप है कि वहां बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। बच्ची के शोर मचाने और पकड़े जाने के डर से उसका मुंह और गला दबाया तथा पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को रेलवे पटरी के किनारे झाड़ियों में छिपाकर घर लौट आया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन सुबह पेड़ काटने के बदले उसे 100 रुपये मिले थे। इसी पैसे से उसने हड़िया पी थी। बाद में उसी पैसे से बच्ची को समोसा खिलाने के बहाने अपने साथ ले गया।

दो दिन तक तलाशते रहे परिजन, बड़े पिता पर हुआ शक

बच्ची 12 नवंबर की शाम से लापता थी। परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे थे। 14 नवंबर को बच्ची के चाचा ने मुफ्फसिल थाना में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज करायी। इसी दौरान ग्रामीणों से जानकारी मिली कि लक्ष्मी को आखिरी बार सन्नी गोप के साथ साइकिल पर जाते देखा गया था। पुलिस ने संदेह के आधार पर उससे पूछताछ की। शुरुआत में उसने बच्ची को दुकान के पास छोड़ने की बात कहकर गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर 14 नवंबर की देर शाम डिलियामार्चा गांव के पास रेलवे पटरी किनारे झाड़ियों से बच्ची का शव बरामद किया गया।

समाज का फैसला- अपराधी को बचाना नहीं, सजा दिलाना हमारी जिम्मेदारी

सोमवार को सामाजिक कार्यकर्ता रामहरि गोप और प्रधान गोप सिकुरसाई गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और ग्रामीणों के साथ बैठक कर घटना पर गहरा आक्रोश जताया। बैठक में महिला-पुरुषों की बड़ी संख्या मौजूद रही। सभी ने एकमत होकर आरोपी के सामाजिक बहिष्कार का निर्णय लिया।

सामाजिक कार्यकर्ता रामहरि गोप ने कहा कि अपनी ही बहू-बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर पाना पूरे समाज के लिए आत्ममंथन का विषय है। रिश्तों की आड़ में इस तरह की घटनाएं किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जा सकतीं। आरोपी को कानून के तहत कठोर सजा दिलाने के लिए समाज एकजुट रहेगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराधी को बचाना कोई सामाजिक परंपरा नहीं है। समाज की प्रतिष्ठा अपराध छिपाने से नहीं, बल्कि अपराध के खिलाफ मजबूती से खड़े होने से बचती है।

मासूम बच्ची की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। जिस शख्स पर परिवार के बच्चों की सुरक्षा और स्नेह की जिम्मेदारी होनी चाहिए थी, उसी पर इस जघन्य अपराध का आरोप है। अब गांव और समाज की निगाहें न्यायिक कार्रवाई पर टिकी हैं।

error: Content is protected !!