पिकनिक की खुशियां मातम में बदलीं: बकरी को बचाने में पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार, तीन दोस्तों की मौत, तीन जिंदगी और मौत से जूझ रहे

 

बगहा। पिकनिक मनाकर घर लौट रहे छह दोस्तों की खुशियां रास्ते में ही चीख-पुकार में बदल गईं। मंगलवार की शाम पश्चिम चंपारण के बगहा में तेज रफ्तार मारुति कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा बगहा-एक प्रखंड के छोटकी पट्टी-भैरोगंज मुख्य मार्ग पर खोड़ा परसा गांव के समीप हुआ। मृतकों की पहचान धनेश कुमार (20), आलोक कुमार और कृष्णा कुमार के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में अरविंद कुमार, अमीर कुमार समेत एक अन्य युवक शामिल है। सभी की उम्र करीब 20 से 24 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, शिकारपुर थाना क्षेत्र के नवलपरासी निवासी छह युवक मारुति कार से वाल्मीकिनगर पिकनिक मनाने गए थे। दिनभर मौज-मस्ती करने के बाद सभी हंसी-खुशी घर लौट रहे थे। इसी दौरान खोड़ा परसा गांव के पास अचानक सड़क पर एक बकरी आ गई। उसे बचाने की कोशिश में चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बेकाबू कार सीधे सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी छह युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही नगर थाना की 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल तीन युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

एक साथ तीन युवकों की मौत की खबर से अस्पताल में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। किसी की आंखों के सामने बेटे का शव था तो कोई अपने घायल परिजन की जिंदगी बचाने की दुआ कर रहा था। परिजनों की चीख-पुकार से पूरा अस्पताल परिसर गमगीन हो गया।

घटना की जानकारी मिलने पर नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। एक साथ तीन दोस्तों की मौत से इलाके में शोक की लहर है।

error: Content is protected !!