उपचुनाव t20:झारखण्ड के दो विधानसभा सीट दुमका और बेरमो में उपचुनाव,मतदान 3 नवम्बर,मतगणना 10 नवम्बर

राँची। झारखण्ड की दो विधानसभा सीटों दुमका और बेरमो पर उपुचनाव 3 नवंबर को होगा। आज भारत निर्वाचन आयोग ने इसकी घोषणा की है। आज मंगलवार को झारखण्ड की इन दो सीटों के साथ देश के अन्य राज्य के 64 विधानसभा सीटों और लोकसभा की एक सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर भारत निर्वाचन आयोग की बैठक हुई। इसके बाद चुनाव आयोग ने इसकी घोषणा की।

पहले माना जा रहा था कि बिहार चुनाव की घोषणा के साथ ही इन दोनों सीटों पर उपचुनाव की घोषणा कर दी जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। आयोग द्वारा कहा गया कि मंगलवार को बैठक के बाद उपचुनावों की घोषणा की जाएगी।

चुनाव आयोग की ओर से की गई घोषणा के अनुसार, 3 नवंबर को मतदान होगा। 10 नवंबर को वोटों की गिनती होगी। दुमका और बेरमो विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस और झामुमो सीट शेयर कर सकते हैं। दूसरी ओर, भाजपा दोनों सीटों पर अपने प्रत्‍याशी खड़ा कर सकती है।

दुमका और बेरमो में उपचुनाव 3 नवंबर को होंगे। निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के द्वारा दुमका विधानसभा सीट छोड़ने के बाद यहां उपचुनाव होना है जबकि कांग्रेस विधायक राजेंद्र सिंह की मौत के कारण बेरमो सीट खाली हो गई थी।

क्यों हो रहा है उपचुनाव

झारखण्ड के दुमका और बेरमो विधानसभा सीट पर साल 2019 में हुए चुनाव में महागठबंधन के प्रत्याशियों की जीत हुई थी। दुमका सीट पर झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के उम्मीदवार हेमंत सोरेन की जीत हुई थी जबकि बेरमो विधानसभा सीट पर कांग्रेस के प्रत्याशी राजेंद्र सिंह विजयी हुए थे। हेमंत सोरेन ने दुमका के साथ बरहेट सीट से भी चुनाव लड़ा था। दोनों ही सीटों से उनकी जीत हुई थी। इसके बाद हेमंत ने दुमका सीट छोड़ दी थी। वहीं कांग्रेस के राजेंद्र सिंह की असमय निधन के बाद सीट खाली हो गई है। इसलिए दुमका और बेरमो सीट पर उपचुनाव हो रहे हैं।

विवेक कुमार सुमन बने बोकारो के उप निर्वाचन पदाधिकारी

मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग ने गोड्डा के उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन को बोकारो का उप निर्वाचन पदाधिकारी के पद पर पदस्थापित किया है। बेरमो उपचुनाव को देखते हुए इनका स्थानांतरण वहां किया गया है। दरअसल, कार्मिक विभाग ने हाल ही में बोकारो में उप निर्वाचन पदाधिकारी के पद पर पदस्थापित मोतीलाल हेम्ब्रोम का स्थानांतरण कर दिया था, जिससे यह पद रिक्त हो गया था।