तेज रफ्तार सवारी गाड़ी खाई में जा गिरी,दो युवकों की मौत, 15 लोग घायल,सभी मेहमानी से घर लौट रहे थे….

खूंटी।झारखण्ड के खूंटी जिले के अड़की में मंगलवार को तेज रफ्तार सवारी गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी।जिसमें में दो लोगों की मौत हो गई है और एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।मृतकों में राँची जिले के बुंडू थाना क्षेत्र के हेठ कांची गांव निवासी रोहित मुंडा और बुंडू के बाड़ेदा टोला निवासी प्रकाश मुंडा शामिल है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह अड़की से खरसावां वाया कुचाई रोड पर अड़की थाना क्षेत्र के बडानी के तीखे मोड़ पर सवारी गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई।घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बुंडू थाना क्षेत्र के हेठ कांची गांव निवासी देवानंद मुंडा उर्फ देवान मुंडा की बेटी की शादी कुचाई प्रखंड के बारूहातु में हुई थी।जहां लड़की पक्ष के लोग सराती में गए थे‌। वहां से लौटने के दौरान बडानी घाटी के तीखे मोड़ पर चालक गाड़ी से संतुलन खो बैठा और सवारी गाड़ी पलट कर खाई में जा गिरी। घायलों में महिलाओं की संख्या अधिक है।

वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पहुंचकर स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को कल्याण अस्पताल में भर्ती कराया।जहां घायलों का इलाज चल रहा है। वहीं गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को सदर अस्पताल खूंटी रेफर कर दिया गया था। जहां इलाज के दौरान रोहित मुंडा (21) और प्रकाश मुंडा (18) की मौत हो गई। मृतक प्रकाश मुंडा बुंडू के बारुहातू बाडेदा का रहने वाला था।वह फिलहाल अपने ननिहाल ऐदेलहातु के चुतरु में अपने मां-बाप के साथ रहता था।वहीं गंभीर रूप से घायल 22 वर्षीय अजय मुंडा हेठ कांची निवासी को बेहतर इलाज हेतु खूंटी सदर अस्पताल से राँची के रिम्स रेफर कर दिया गया है।

इस संबंध में डीएसपी वरुण कुमार रजक ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बडानी क्षेत्र में एक गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई है।सूचना पर अड़की पुलिस पहुंची और घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया।जहां दो युवकों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बाकी अन्य घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।