दुमका:ट्रैक्टर और बाइक में टक्कर,दो भाइयों की मौत,एक घायल

दुमका।जिले के जामा थाना क्षेत्र के हरिपुर और कैराबनी मार्ग में ऊपर बहियारी गांव के समीप मंगलवार को ईंट लेकर जा रहे ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मरने वाला सोनालाल राय जरमुंडी के सतपहाड़ी और विकास राय जामा के कदमपुर गांव का रहने वाला था। वहीं जख्मी कृष्ण राय भी सतपहाड़ी का रहने वाला है। विकास अपने दोनों ममेरे भाइयों को मनसा पूजा के बाद सुबह बाइक से उनके घर छोड़ने जा रहा था। तीनों भाईयों की उम्र 19 से 20 साल के बीच है।

बताया जा रहा है कि सोनाराय व कृष्णा की कदमपुर गांव में ननिहाल है। सोमवार को मनसा पूजा के बाद प्रतिमा विसर्जन में शामिल होने के लिए दोनों घर आया था। देर शाम तक दोनों ने भाई विकास के साथ पूजा का आनंद उठाया। रात में जश्न का दौर भी चला। रात में ही दोनों घर जाना चाहते थे लेकिन घरवालों ने रोक लिया। सुबह विकास दोनों भाई सोनालाल व कृष्णा राय को बाइक से छोड़ने के लिए सतपहाड़ी जा रहा था। जैसे ही बाइक ऊपरबहियारी गांव के समीप मोड़ में पहुंची तभी हरिपुर की ओर जा रहे ट्रैक्टर ने सीधी टक्कर मार दी। जिसमें कृष्णा घायल हो गया और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद जामा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा। जहां डाक्टर ने दो को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों वाहन को जब्त कर लिया है। ट्रैक्टर चालक की पहचान की जा रही है।

इधर घायल कृष्णा राय ने बताया कि बाइक को भाई सोनालाल चला रहा था। उसने हेलमेट नहीं पहनी थी। वह तेज गति से बाइक चला रहा था। मोड़ के समीप अचानक ट्रैक्टर सामने आ गया। भाई ने गति कम करने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

वहीं सेवा पखवाड़ा के तहत टीबी वार्ड में मरीज के बीच फल का वितरण कर रहीं पूर्व मंत्री डाक्टर लुईस मरांडी को जैसे ही हादसे की खबर मिली तो सीधे परिवार से मिलने के लिए आ गई।सोनालाल राय की बहन रेखा देवी का रो रोककर बुरा हाल था। मृत युवकों के परिजन अस्पताल के मुख्य द्वार पर विलाप कर रहे थे। पूर्व मंत्री ने दोनों परिवार को सांत्वना दी और घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने इलाजरत कृष्णा राय को देखा और डाक्टर से स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।