रिम्स जमीन घोटाले में ACB की बड़ी कार्रवाई, तत्कालीन भूमि सुधार उपसमाहर्ता समेत छह अधिकारी गिरफ्तार
राँची। राजधानी राँची के बहुचर्चित रिम्स जमीन घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी की टीम ने इस मामले में संलिप्त रहे तत्कालीन भूमि सुधार उपसमाहर्ता, जिला अवर निबंधक और अंचल अधिकारियों समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में कई ऐसे अधिकारी शामिल हैं, जो राँची में अलग-अलग महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर रह चुके हैं। 17 नवंबर 2026 को हुई इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
एसीबी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो थाना कांड संख्या 01/2026, दिनांक 05 जनवरी 2026 को दर्ज किया गया था। मामले में भारतीय दंड विधान की धारा 420, 467, 468, 471, 120(बी) एवं 109 के साथ संशोधित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज है।
गिरफ्तार किए गए छह आरोपी अधिकारियों के नाम इस प्रकार हैं—
मनोज कुमार रंजन – तत्कालीन भूमि सुधार उपसमाहर्ता, सदर, राँची।
अविनाश कुमार – तत्कालीन जिला अवर निबंधक, राँची।
वैभवमणि त्रिपाठी – तत्कालीन जिला अवर निबंधक, राँची।
राहुल कुमार चौबे – तत्कालीन जिला अवर निबंधक, राँची।
शैलेश कुमार – तत्कालीन अंचल अधिकारी, बड़गाईं अंचल, राँची।
राजेश कुमार – तत्कालीन अंचल अधिकारी, शहर अंचल, राँची।
पद का दुरुपयोग कर निजी आर्थिक लाभ लेने का आरोप
एसीबी की प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि उक्त कांड में आरोपियों के विरुद्ध आपराधिक षड्यंत्र करने, निजी आर्थिक लाभ के लिए अपने पद का दुरुपयोग करने और भ्रष्ट लोक सेवक होने से संबंधित साक्ष्य प्राप्त हुए हैं। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
रिम्स जमीन घोटाला लंबे समय से जांच के दायरे में है। इस मामले में तत्कालीन प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका को लेकर एसीबी जांच कर रही थी। अब एक साथ छह अधिकारियों की गिरफ्तारी से इस घोटाले की जांच में नया मोड़ आ गया है।
एसीबी ने स्पष्ट किया है कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। अब जांच एजेंसी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर घोटाले से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की भी पड़ताल करेगी।छह अधिकारियों की गिरफ्तारी के बाद अब इस मामले में जांच के अगले खुलासों पर सबकी नजरें टिकी हैं।

