राँची: बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में जेल अदालत आयोजित, दो बंदी रिहा

 

राँची।राजधानी राँची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की ओर से जेल अदालत, विधिक जागरूकता शिविर और स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न न्यायालयों में लंबित मामलों के निष्पादन के लिए सात बंदियों के आवेदनों पर सुनवाई की गई, जिनमें से दो बंदियों को जेल अदालत के माध्यम से रिहा कर दिया गया।

शिविर के दौरान बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता और नालसा तथा झालसा द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली कानूनी सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही स्वास्थ्य शिविर में सभी बंदियों के स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया।

डालसा सचिव राकेश रौशन ने कहा कि जेल में समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि बंदियों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी हो सके और गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान हो। उन्होंने जेल प्रशासन को बंदियों के भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।इस अवसर पर न्यायिक दंडाधिकारियों ने भी बंदियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कार्यक्रम में डालसा सचिव राकेश रौशन, न्यायिक दंडाधिकारी मनीष कुमार सिंह, प्रशांत कुमार वर्मा, रेलवे न्यायिक दंडाधिकारी बिजय कुमार यादव, एलएडीसी चीफ प्रवीण कुमार श्रीवास्तव, डिप्टी एलएडीसी राजेश कुमार सिन्हा, एलएडीसी सहायक पंकज कुमार शर्मा, अनूप कुमार कटियार, सौरभ पांडेय, स्वीकृति विनाया, अभिलाषा सिन्हा, पीएलवी भूप्रताप महतो, गणेश कुमार, सिकंदर मुंडा, जेल अधीक्षक कुमार चन्द्रशेखर, जेलर लवकुश कुमार, मो. सद्दाम हुसैन, जेलकर्मी एवं बड़ी संख्या में बंदी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!