गढ़वा हत्याकांड: सिमडेगा का रहने वाला था मृतक दीपक, लेन-देन के विवाद में दिनदहाड़े हत्या

गढ़वा।जिले के बड़गड़ थाना क्षेत्र के सालो जंगल (ललमटिया मोड़) के पास रविवार सुबह करीब 10-11बजे के बीच हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। सुबह जिस अज्ञात युवक का शव पुलिस ने बरामद किया था, उसकी पहचान सिमडेगा निवासी 35 वर्षीय दीपक कुजूर के रूप में हुई है। दीपक वर्तमान में रामकंडा थाना क्षेत्र के बरवा गांव में अपने ससुराल में रह रहा था।पुलिस की शुरुआती जांच और चश्मदीदों के बयानों से जो बातें सामने आई हैं, उसने इस पूरे हत्याकांड की खौफनाक तस्वीर साफ कर दी है।
”हम दे देंगे सर, मत मारिए…” मिन्नतें करता रहा दीपक, बेरहम अपराधियों ने दाग दी गोली
चश्मदीदों के मुताबिक, वारदात सुबह करीब 10:30 बजे की है जब दीपक अपनी अपाचे बाइक से बड़गड़ से भंडरिया की तरफ जा रहा था। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो अपराधियों ने उसका पीछा किया और ललमटिया मोड़ के पास उसे जबरन रोक लिया।हमलावरों को देखकर दीपक भांप गया था कि उसकी जान खतरे में है। वह अपराधियों के सामने हाथ जोड़कर अपनी जान की भीख मांग रहा था। वह बार-बार रोते हुए कह रहा था “हम दे देंगे सर, मत मारिए…”। लेकिन बेखौफ अपराधियों का दिल नहीं पसीजा। एक अपराधी ने पहले खौफ पैदा करने के लिए दो राउंड हवाई फायरिंग की और फिर सीधे दीपक की कनपटी पर पिस्तौल सटाकर गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी बिना चेहरा ढके मुख्य सड़क से आराम से फरार हो गए।
लेन-देन का विवाद बना हत्या की वजह!
घटना की सूचना मिलते ही रंका अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रोहित रंजन सिंह और बड़गड़ थाना प्रभारी दीपक कुमार मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। लहूलुहान दीपक को तुरंत भंडरिया अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, दीपक की बेहरमी से की गई इस हत्या के पीछे शुरुआती तौर पर भारी लेन-देन का विवाद सामने आ रहा है। अपराधी मुमकिन है कि उससे कोई बकाया रकम वसूलने आए थे, जिसे न चुका पाने की कीमत दीपक को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।
मौके से कारतूस और बाइक बरामद, छापेमारी तेज
बड़गड़ थाना प्रभारी दीपक कुमार मौर्य ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से मृतक की अपाचे मोटरसाइकिल (संख्या- JH 20 F 8585) को सुरक्षित जब्त कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस को मौके से हत्या में प्रयुक्त तीन जिंदा कारतूस और दो खोखे भी मिले हैं।
SDPO रोहित रंजन सिंह ने कहा कि सुबह राहगीरों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची थी। मृतक की पहचान हो चुकी है। वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी इनपुट के आधार पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। जल्द ही दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
इलाके में इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से दहशत का माहौल है। पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश में जुटी है।

