सरायकेला:24 घंटे में सुलझा जगन्नाथ गोप हत्याकांड,हत्या में शामिल 4 आरोपी गिरफ्तार…

आदित्यपुर/गम्हरिया।सरायकेला-खरसावां पुलिस ने 24 घंटे के भीतर वो कर दिखाया, जिसकी उम्मीद अपराधियों को बिल्कुल नहीं थी। शनिवार दोपहर गम्हरिया के बोलायडीह शीतला मंदिर के पास हुए चर्चित जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा हत्याकांड का पुलिस ने न सिर्फ पूरी तरह पर्दाफाश कर दिया है, बल्कि वारदात में शामिल चारों नामजद आरोपियों को दबोचकर जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
शनिवार दोपहर हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद जिला पुलिस कप्तान मनोज स्वर्गियारी ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया। अपराधियों को दबोचने के लिए तुरंत अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम का गठन किया गया।इस स्पेशल टीम ने बिना वक्त गंवाए आधुनिक तकनीकी साक्ष्यों और वैज्ञानिक अनुसंधान का ताना-बाना बुना। पुलिस का चक्रव्यूह ऐसा था कि वारदात के महज 24 घंटे के भीतर चारों आरोपी पुलिस के शिकंजे में थे। पकड़े गए आरोपियों के नाम हैं प्रेम नायक,शिवम प्रामाणिक,संजय नायक और गणेश नायक ।इतना ही नहीं, पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई खून से सनी लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है, जो कोर्ट में इन्हें सजा दिलाने के लिए सबसे बड़ा सबूत बनेगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसपी मनोज स्वर्गियारी ने हत्याकांड के पीछे की इनसाइड स्टोरी साझा की। उन्होंने बताया कि इस खूनी खेल की मुख्य वजह पुरानी रंजिश थी।जांच में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों का पहले से कोई क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं है। वहीं दूसरी तरफ, जिसकी हत्या हुई उस जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा का अच्छा-खासा आपराधिक इतिहास रहा है। पुरानी दुश्मनी की इसी आग में आरोपियों ने शनिवार को खौफनाक वारदात को अंजाम दे डाला।
अपराधियों को पाताल से भी ढूंढ निकालने वाली इस स्पेशल टीम में आदित्यपुर थाने के सब इंस्पेक्टर राजेंद्र प्रसाद, हीरालाल कुमार, विश्वाजीत कुमार तिवारी, विक्रमादित्य पांडेय समेत हवलदार अजय सिंह, आरक्षी राघवेंद्र कुमार, दीपक कुमार और संजय कुमार राय शामिल थे। पुलिस ने सभी आरोपियों को कागजी कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

