राँची: जंगल में पेड़ से लटकी मिली महिला की लाश,15 दिन पहले की थी दूसरी शादी, मर्डर या सुसाइड…पुलिस जांच में जुटी

​राँची।जिले के सिल्ली थाना क्षेत्र में हलमाद पंचायत के बरवाटोली जंगल में शनिवार को एक महिला का शव साल के पेड़ से फंदे पर लटकता हुआ बरामद किया गया। मृतका की पहचान मुनिका देवी के रूप में हुई है। शनिवार की सुबह बरवाटोली जंगल में हमेशा की तरह शांति थी। कुछ ग्रामीण अपने रोजमर्रा के काम से जंगल की तरफ गए थे। तभी उनकी नजर साल के एक ऊंचे पेड़ पर पड़ी। पेड़ की टहनी से एक महिला का शव लटक रहा था। देखते ही देखते यह खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई। ग्रामीणों ने बिना वक्त गंवाए तुरंत सिल्ली थाना पुलिस को इसकी इत्तला दी। सूचना मिलते ही पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतरवाकर अपने कब्जे में लिया।

​15 दिन पहले की थी दूसरी शादी, दो बच्चों के सिर से उठा साया

​स्थानीय सूत्रों से जो जानकारियां छनकर सामने आ रही हैं, वे इस पूरे मामले को और अधिक रहस्यमयी बना रही हैं।​मृतका मुनिका देवी के पहले से दो बच्चे हैं।करीब 15 से 20 दिन पहले ही उसने अमित महतो नाम के शख्स के साथ दूसरी शादी की थी।शादी के बाद से ही वह बरवाटोली में रह रही थी।महज दो हफ्ते पहले रचे गए इस नए संसार का ऐसा दर्दनाक अंत कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ चुका है।

सिल्ली थाना की पुलिस ने शव को पंचनामा करने के बाद तुरंत पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। पुलिस इस मामले को सिर्फ एक सुसाइड के चश्मे से नहीं देख रही है, बल्कि हर उस पहलू को खंगाल रही है जो मुनिका को मौत के इस मोड़ तक लेकर आया।

पुलिस के अनुसार,महिला के शव को कब्जे में लेकर रिम्स भेज दिया गया है। मौत की असली वजह क्या है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा। पुलिस मृतका की दूसरी शादी और उससे जुड़ी तमाम परिस्थितियों की स्वतंत्र और गहनता से जांच कर रही है।

error: Content is protected !!