राँची में मुख्यमंत्री का पुतला ले जा रही छात्रा से मारपीट व बदसलूकी, जातिसूचक गाली और धमकी का आरोप; शाहबाज समेत 8 नामजद पर केस दर्ज

 

पुतला छीनने के दौरान धक्का-मुक्की: विरोध करने पर मारपीट, छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार; पीड़िता ने कोतवाली थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी.

जातिसूचक शब्द और चेहरे पर कालिख पोतने की धमकी: छात्रा ने शाहबाज मलिक और उसके साथियों पर लगाए गंभीर आरोप; वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की मांग.

राँची।जेपीएससी एवं जेएसएससी परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ राजधानी राँची में आयोजित छात्र आंदोलन के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला ले जा रही एक छात्रा के साथ धक्का-मुक्की, मारपीट, छेड़छाड़ और जातिसूचक अपशब्द कहने के मामले में पीड़िता की लिखित शिकायत पर राँची के कोतवाली थाने में झामुमो से जुड़े शाहबाज मलिक समेत 8 नामजद और 35-40 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

बोकारो जिला के चंदनकियारी (महाल) निवासी 26 वर्षीय पीड़िता प्रतिमा कुमारी ने थाने को दिए आवेदन में बताया कि 21 अगस्त को वह छात्र आंदोलन में शामिल थी और मुख्यमंत्री का पुतला लेकर जा रही थी। आरोप है कि इसी दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं ने उसके हाथ से जबरन पुतला छीन लिया।जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ धक्का-मुक्की व मारपीट की और अभद्र व्यवहार करते हुए छेड़छाड़ की।

छात्रा ने आरोप लगाया कि शाहबाज मलिक ने उसके खिलाफ अपमानजनक व जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और सार्वजनिक रूप से जलील किया।आवेदन में उल्लेख है कि शाहबाज और उसके साथियों ने उसे जान से मारने और मुंह पर कालिख पोतकर शहर में घुमाने की धमकी दी। पीड़िता के अनुसार उस वक्त मौके पर मुश्ताक आलम, अंकिता वर्मा, आशुतोष वर्मा, नवीन चंचल और अश्विनी शर्मा भी मौजूद थे।

इन 8 लोगों को बनाया गया नामजद आरोपी:

शाहबाज़ मलिक

नवीन चंचल

उत्तम यादव

मुस्ताक आलम

आशुतोष वर्मा उर्फ सोनू वर्मा

अंकिता वर्मा

डॉ. हेमलाल कुमार मेहता

अश्विनी शर्मा

वीडियो फुटेज और सीसीटीवी से पहचान की मांग
पीड़िता ने पुलिस से घटना स्थल के सीसीटीवी फुटेज, समाचार एजेंसियों के वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के मोबाइल रिकॉर्डिंग को सुरक्षित रखकर जांच में शामिल करने का अनुरोध किया है। कोतवाली थाना पुलिस का कहना है कि दिए गए आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और वायरल वीडियो व फुटेज के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर लिया है।

error: Content is protected !!