उफनती गेरुआ नदी में फंसी तीन जिंदगियां, दो युवकों ने तैरकर बचाई जान; एक को ग्रामीणों ने सुरक्षित निकाला
चतरा। जिला के टंडवा प्रखंड क्षेत्र में गुरुवार को अचानक आई बाढ़ ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। गेरुआ नदी में जलस्तर अचानक बढ़ने और तेज बहाव के बीच पीपा पुल पार करने की कोशिश कर रहे तीन युवक नदी के बीच फंस गए। देखते ही देखते पानी का बहाव इतना तेज हो गया कि दोनों बाइकें भी नदी की तेज धारा में बह गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, टंडवा की गेरुआ नदी पर बने पीपा पुल से जलस्तर बढ़ने के बावजूद दो बाइक पर सवार तीन युवक नदी पार करने का प्रयास कर रहे थे। नदी के बीच पहुंचते ही पानी का बहाव अचानक तेज हो गया। तीनों युवक तेज धार के बीच फंस गए और उनकी बाइकें देखते ही देखते पानी में समा गईं।
पानी के तेज बहाव के बीच फंसे युवक काफी देर तक मदद के लिए गुहार लगाते रहे। घटना की सूचना मिलते ही टंडवा थाना प्रभारी पप्पू कुमार शर्मा के निर्देश पर पुलिस की गश्ती टीम तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीण भी बड़ी संख्या में वहां जुट गए और राहत-बचाव में जुट गए।
पुलिस और ग्रामीणों की तत्परता से दो युवकों को तैरकर सुरक्षित नदी के किनारे लाया गया। वहीं टंडवा के उडसू निवासी संजय पासवान नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगे और बेहोश हो गए। मौके पर मौजूद पुलिस जवानों और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें पानी से बाहर निकाला।
बेहोशी की हालत में संजय पासवान को तत्काल टंडवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज शुरू किया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
हादसे के दौरान युवकों के साथ मौजूद दोनों बाइक भी गेरुआ नदी की तेज धार में बह गईं। नदी का बहाव इतना तेज था कि कुछ ही क्षणों में बाइकें आंखों से ओझल हो गईं। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश के कारण क्षेत्र की नदियों और जलस्रोतों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। ऐसे में गेरुआ नदी का बहाव भी काफी तेज हो गया है। इसके बावजूद पीपा पुल से नदी पार करने का प्रयास युवकों के लिए जानलेवा साबित हो सकता था।
घटना के बाद टंडवा पुलिस ने आम लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट कहा है कि नदी का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के दौरान किसी भी स्थिति में पुल पार करने का जोखिम न लें। पानी का बहाव कम होने और स्थिति सामान्य होने के बाद ही नदी पार करें।इस घटना ने एक बार फिर बारिश के मौसम में नदी-पुलों पर सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, पुलिस और ग्रामीणों की समय पर सक्रियता से तीनों युवकों की जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया।

