पुल छोड़ नदी में उतार दी सरकारी गाड़ी, बीच धारा में फंसे थाना प्रभारी का वाहन,JCB से हुआ हाई-वोल्टेज रेस्क्यू
गिरिडीह। झारखण्ड के गिरिडीह जिले के गावां थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब थाना प्रभारी की सरकारी गाड़ी नदी के बीचोंबीच फंस गई। हैरानी की बात यह रही कि नदी पार करने के लिए दो पुल मौजूद थे, लेकिन वाहन को पुल की बजाय सीधे नदी के रास्ते उतार दिया गया। नतीजा यह हुआ कि गाड़ी बीच धारा में जाकर फंस गई और आगे बढ़ना मुश्किल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। काफी देर तक वाहन को निकालने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर जेसीबी मशीन बुलानी पड़ी। जेसीबी की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद सरकारी वाहन को सुरक्षित नदी से बाहर निकाला गया।
घटना का वीडियो और तस्वीरें इलाके में तेजी से वायरल हो रही हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन को नदी के रास्ते ले जाने का फैसला भारी पड़ गया और देखते ही देखते सरकारी गाड़ी बीच धारा में फंस गई।
स्थानीय लोगों ने घटना पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि जब नदी पार करने के लिए पुल की सुविधा उपलब्ध थी, तो फिर वाहन को नदी के रास्ते ले जाने की जरूरत क्यों पड़ी? ग्रामीणों का आरोप है कि संभवतः शॉर्टकट अपनाने की कोशिश में यह स्थिति उत्पन्न हुई।
हालांकि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और वाहन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। लेकिन सरकारी वाहन के नदी में फंसने की यह घटना अब प्रशासनिक कार्यशैली और निर्णय पर सवाल खड़े कर रही है। फिलहाल मामले को लेकर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन क्षेत्र में इसे लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।वहीं पुलिस की ओर से बताया गया कि टीम एक घटना के सम्बंध में छापेमारी करने गई थी।नदी के पास गाड़ी खड़ी थी।छापेमारी चल रही थी इसी दौरान अचानक नदी में बाढ़ आ गई जिससे वाहन पानी मे डूबने लगा।लेकिन जल्द ही जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया।

