खूँटी के मुरहू में कटहल के पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, पिता से विवाद के बाद रात में घर से निकला था मृतक…

खूँटी। झारखण्ड के खूँटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ मुरहू-तपकारा पथ से ओस्केया जाने वाली सड़क के किनारे एक युवक का शव कटहल के पेड़ से फंदे पर लटकता हुआ बरामद किया गया है। सुबह-सुबह पेड़ से लटकती लाश को देखकर पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।मृतक की पहचान बम्हनी गांव के अंबाटोली निवासी प्रतीक पूर्ति (उम्र लगभग 25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मानी पूर्ति का पुत्र था।

​मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब पांच बजे जब गांव के कुछ लोग बनई नदी की ओर जा रहे थे, तभी उनकी नजर सड़क किनारे कटहल के पेड़ पर पड़ी। पेड़ से युवक का शव लटक रहा था, जबकि मृतक की चप्पलें पेड़ के नीचे ही पड़ी हुई थीं। इस खौफनाक मंजर को देखकर ग्रामीणों ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद आस-पास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।

​स्थानीय ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार की रात प्रतीक पूर्ति का अपने पिता के साथ किसी बात को लेकर तीखा विवाद हुआ था। पिता से झगड़े के बाद वह गुस्से में घर से निकल गया था और पूरी रात वापस नहीं लौटा। सुबह सीधे उसकी मौत की खबर सामने आई। आशंका जताई जा रही है कि इसी पारिवारिक विवाद के अवसाद में आकर युवक ने यह आत्मघाती कदम उठाया।

​घटना की सूचना मिलते ही मुरहू थाना पुलिस बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुँची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने और आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को पेड़ से नीचे उतरवाया।​पुलिस ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रथम दृष्ट्या मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा लग रहा है, लेकिन मौत के असली कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गहन जांच के बाद ही हो सकेगा।​इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है।

error: Content is protected !!