राँची में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा, मौके पर मौत; सिर पर चढ़ा ट्रक का पहिया

राँची।राजधानी राँची के पंडरा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। मामा ढाबा के समीप तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने एक बाइक सवार युवक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक का पहिया युवक के सिर पर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक अपनी बाइक से जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे सरिया लदे एक ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद युवक सड़क पर गिर पड़ा और ट्रक का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। हादसे का मंजर इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोगों की रूह कांप उठी।
घटना की सूचना मिलते ही पंडरा ओपी प्रभारी विवेक कुमार पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने बिना देर किए शव को सड़क से हटाया। मानवता का परिचय देते हुए ओपी प्रभारी विवेक कुमार ने स्वयं शव को उठाने में सहयोग किया और उसे टेम्पो के माध्यम से पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजवाया।
पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया है। फिलहाल चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है और मामले की जांच जारी है।
मृतक की पहचान बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर हुई है। वाहन मालिक का नाम अजय नाथ शाहदेव दर्ज है, जिनका पता उरुगुट्टू,ठाकुरगांव थाना क्षेत्र बताया गया है। इसी आधार पर मृतक की पहचान हुई है।मृतक उरुगुट्टू गांव का रहने वाला है। पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर जानकारी दे दी है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है।आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है । वहीं, इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।

