धनबाद:जंगल में खून से लथपथ मिली लाश…कहीं और कत्ल कर शव जंगल में फेंका, मशरूम चुनने गए ग्रामीणों ने देखा खौफनाक मंजर, इलाके में दहशत…

धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले के मनियाडीह थाना क्षेत्र स्थित नवादा जंगल में शनिवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक 35 वर्षीय अज्ञात युवक का रक्तरंजित शव बरामद हुआ। जंगल के भीतर खून से सनी लाश मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।शनिवार सुबह कुछ ग्रामीण जंगल में मशरूम चुनने गए थे, तभी उनकी नजर इस रक्तरंजित शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय मुखिया इंद्रलाल बास्की को दी, जिन्होंने बिना वक्त गंवाए मनियाडीह थाना पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही टुंडी डीएसपी नाजिर अख्तर, इंस्पेक्टर साजिद हुसैन और थाना प्रभारी अकबर खान भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की।डीएसपी नाजिर अख्तर के मुताबिक, प्रथम दृष्टया यह सीधे तौर पर बेरहमी से की गई हत्या का मामला है। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या किसी दूसरी जगह पर की गई और फिर पहचान छिपाने की नीयत से शव को नवादा के इस घने जंगल में लाकर फेंक दिया गया।समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के सभी थानों से हालिया गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर शव की शिनाख्त कराने की कोशिश कर रही है। मौत के सही कारणों और वैज्ञानिक साक्ष्यों को जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है। इधर, घटना पर आक्रोश जताते हुए सोनेत संथाल समाज के केंद्रीय कोषाध्यक्ष रतिलाल टुडू ने हत्या की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है।

