जामताड़ा पुलिस का साइबर ठगों पर बड़ा प्रहार, 9 आरोपी गिरफ्तार; 27 मोबाइल, 39 सिम और टैब बरामद

 

जामताड़ा।साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जामताड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नौ साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना पुलिस ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सियाटांड़ और मट्टांड़ के अलावा जामताड़ा थाना क्षेत्र के मोहड़ा–पोसोई मार्ग के पास झाड़ियों में छापेमारी कर आरोपियों को ठगी करते रंगे हाथ दबोच लिया।एसपी शंभू कुमार सिंह ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि साइबर डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुजाहिद अंसारी, सलामत अंसारी, सनवर अंसारी, तबारक अंसारी, सरफराज अंसारी (सभी मट्टांड़, करमाटांड़), रोक्की कुमार दास, अर्जुन दास, सचिन दास (सभी पोसोई, जामताड़ा) और अमृत रूईदास (दासपाड़ा, बराकर, पश्चिम बर्द्धमान) के रूप में हुई है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 27 मोबाइल फोन, 39 सिम कार्ड और एक टैब बरामद किया। मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 44/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और दूरसंचार अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

फोनपे कैशबैक और फर्जी कस्टमर केयर के नाम पर ठगी

एसपी ने बताया कि आरोपी लोगों को फोनपे कैशबैक का फर्जी संदेश भेजकर उसे स्वीकार करने के लिए प्रेरित करते थे और इसी प्रक्रिया में उनके खातों से पैसे उड़ा लेते थे। इसके अलावा गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर अपलोड कर जरूरतमंद लोगों को अपने जाल में फंसाते थे।इतना ही नहीं, आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताकर एटीएम कार्ड नंबर, सीवीवी और ओटीपी हासिल करते थे और फर्जी बैंक खातों व ई-वॉलेट के जरिए रकम निकाल लेते थे।जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी मुजाहिद अंसारी और सलामत अंसारी पहले भी साइबर ठगी के मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस के अनुसार यह गिरोह देश के विभिन्न राज्यों के लोगों को निशाना बनाकर संगठित तरीके से साइबर ठगी को अंजाम देता था।

ससुराल में रहकर चला रहा था ठगी का नेटवर्क

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि अमृत रूईदास अपने ससुराल में रहकर साइबर ठगी का नेटवर्क संचालित कर रहा था।एसपी शंभू कुमार सिंह ने कहा कि जामताड़ा पुलिस साइबर अपराध के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और ऐसे गिरोहों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रेस वार्ता में साइबर डीएसपी अमित कुमार, साइबर थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!