राँची में दर्दनाक हादसा: बंद कमरे में अंगीठी के धुएं से दम घुटने से माँ-बेटे की मौत, दो रिम्स में भर्ती

राँची।​राजधानी राँची के चटकपुर शांति नगर पोखर टोला में शनिवार की सुबह एक दिल दहला देने वाला वाकया सामने आया, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। यहाँ धन्नू यादव के मकान में करीब ढाई साल से किराए पर रह रहे एक परिवार के बंद कमरे से माँ और उसके ढाई साल के मासूम बेटे के शव बरामद हुए।मृतकों की पहचान बत्तीस वर्षीय पिंकी देवी और उनके ढाई साल के बेटे श्रवण कुमार के रूप में की गई है। इसी कमरे में पिंकी की पंद्रह वर्षीय ननद चंदा कुमारी और उनकी चार साल की बेटी प्राची कुमारी भी बेहद गंभीर हालत में तड़पती हुई मिलीं।

दोनों बच्चियों को आनन-फानन में इलाज के लिए पहले सेवा सदन और फिर बेहतर इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया है, जहाँ वे ज़िंदगी और मौत के बीच जूझ रही हैं। यह पीड़ित परिवार मूल रूप से बिहार के छपरा जिले के महमदा गांव का रहने वाला है। पिंकी देवी के पति चंदन साहू का पहले ही निधन हो चुका था, जिसके बाद वे राँची में एक कपड़ा दुकान में काम करके अपने परिवार का सहारा बनी हुई थीं। परिवार में उनके ससुर पंचम साहू टोटो चलाकर और सास मुन्नी देवी मजदूरी करके घर चलाने में मदद करते थे।

​शनिवार सुबह करीब पांच बजे तक जब परिवार के कमरे का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुला, तो आस-पास के स्थानीय लोगों को किसी अनहोनी का संदेह हुआ। लोगों ने आवाज़ें दीं, लेकिन अंदर से कोई हलचल न होने पर पड़ोसियों ने घर के ऊपर लगे एस्बेस्टस को हटाया और अंदर प्रवेश किया। अंदर का खौफनाक नज़ारा देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया। कमरे में पिंकी और उनके बेटे श्रवण के शव बेजान पड़े थे, जबकि दोनों लड़कियाँ अचेत अवस्था में थीं।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और शवों को अपने कब्ज़े में लेकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी।
​पुलिस की शुरुआती जांच में इस खौफनाक हादसे की वजह दम घुटना बताई जा रही है। दरअसल, बीती रात एक बहुत छोटे से कमरे में चारों लोग चौकी पर सोए हुए थे और ठंड या सुरक्षा के लिहाज़ से कमरा पूरी तरह बंद था। इसी कमरे के अंदर खाना बनाने वाला कोयले का चूल्हा भी रखा हुआ था, जो जल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि बंद कमरे में कोयले के चूल्हे से निकले ज़हरीले धुएं के कारण ऑक्सीजन ख़त्म हो गई और दम घुटने से यह दर्दनाक हादसा हो गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रहे हैं, लेकिन मौत के असली कारणों का पुख्ता खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल इस घटना के बाद से पूरे शांति नगर इलाके में मातम पसरा हुआ है और हर कोई सहमा हुआ है।

error: Content is protected !!