नारकोटिक्स टीम को देख भागे तस्कर, कार से परिवार को कुचला; पति-पत्नी की मौत, बच्चा गंभीर,झारखण्ड के दो तस्कर गिरफ्तार…

गुना/राँची।मध्यप्रदेश के गुना में केंद्रीय नारकोटिक्स विभाग की कार्रवाई के दौरान एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले अपराधियों ने खुद को कानून के शिकंजे से बचाने के लिए सड़क पर ऐसा खूनी खेल खेला, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया। विभाग की टीम से बचकर भाग रही एक तेज रफ्तार कार ने दो बाइकों और राहगीरों को बेरहमी से कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका मासूम बच्चा जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए झारखण्ड के रहने वाले दो कुख्यात तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है।
ऐसे शुरू हुआ मादक पदार्थों के खिलाफ ‘एक्शन’
केंद्रीय नारकोटिक्स विभाग की टीम को खुफिया इनपुट मिला था कि गुना के मावन इलाके में नशीले पदार्थ (डोडा चूरा) की एक बड़ी खेप गुजरने वाली है। जानकारी के आधार पर टीम ने मावन में घेराबंदी की और डोडा चूरा से लदे एक ट्रक को सफलतापूर्वक दबोच लिया। डोडा चूरा से भरे इस मुख्य ट्रक के आगे-आगे एक कार चल रही थी, जो पुलिस या नारकोटिक्स की लोकेशन देखकर ट्रक को रास्ता साफ होने का इशारा (एस्कॉर्ट) कर रही थी। जैसे ही कार चालक को भनक लगी कि मुख्य ट्रक पकड़ा जा चुका है, उसने पकड़े जाने के डर से अपनी कार की रफ्तार बढ़ा दी और मौके से भाग निकला।
देर शाम सड़क पर मौत का तांडव
भागते समय कार चालक पहले गुना शहर की तरफ आया और फिर वहां से अचानक अशोकनगर मार्ग की तरफ मुड़ गया।देर शाम के करीब 7:30 बजे मावन से कुछ आगे एक तेज मोड़ पर रफ्तार का यह खेल खूनी मंजर में तब्दील हो गया।तस्कर की अनियंत्रित और बेहद तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रहे एक बाइक सवार दंपती को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार पति-पत्नी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।माता-पिता के साथ बाइक पर बैठा उनका छोटा बच्चा इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया।दंपती को कुचलने के बाद भी तस्कर ने कार नहीं रोकी। कार आगे जाकर एक घर के सामने खड़ी दूसरी बाइक से टकराई और सड़क किनारे खड़े कुछ ग्रामीणों को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वे घायल हो गए।हर तरफ चीख-पुकार मचने के बाद आरोपी तस्कर अपनी क्षतिग्रस्त कार को वहीं मौके पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
देवदूत बनी नारकोटिक्स की टीम, पुलिस ने संभाला मोर्चा
हादसे के तुरंत बाद पीछा कर रही केंद्रीय नारकोटिक्स विभाग की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने बिना वक्त गंवाए इंसानियत दिखाई और घायल बच्चे को तुरंत अपनी ही गाड़ी में बैठाकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है।वहीं,सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस भी दलबल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
घेराबंदी कर झारखण्ड के 2 तस्कर गिरफ्तार
हादसे के बाद गुना पुलिस और नारकोटिक्स विभाग ने संयुक्त रूप से पूरे इलाके की नाकेबंदी कर दी और फरार कार चालक की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस ने आखिरकार घेराबंदी कर इस पूरे नेटवर्क से जुड़े दो आरोपियों को दबोच लिया।पकड़े गए आरोपियों में झारखण्ड का रहने वाला ट्रक ड्राइवर मोहम्मद साहिल अंसारी और कार चलाने वाला मुख्य आरोपी विजेंद्र यादव शामिल हैं। पुलिस और नारकोटिक्स विभाग ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे डोडा चूरा से भरे ट्रक और दुर्घटनाग्रस्त कार दोनों को पूरी तरह से जब्त कर लिया है।
गुना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, केंद्रीय नारकोटिक्स विभाग झारखंड से जुड़े इस डोडा चूरा तस्करी के पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने में जुटा है कि नशीले पदार्थों की यह बड़ी खेप कहाँ से लाई जा रही थी और इसे कहाँ सप्लाई किया जाना था।

