दुमका:पूर्व सीएम के आप्त सचिव के भतीजे के घर वन विभाग की छापेमारी, घंटों चली तलाशी

 

दुमका।झारखण्ड के दुमका जिले के महुआडंगाल इलाके में शनिवार को वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने पंकज रावत के घर पर छापेमारी कर कई घंटों तक तलाशी अभियान चलाया। पंकज रावत को झामुमो संस्थापक और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के पूर्व आप्त सचिव विवेक रावत का भतीजा बताया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में हलचल का माहौल रहा।

जानकारी के अनुसार छापेमारी का नेतृत्व एक प्रशिक्षु आईएफएस अधिकारी ने किया। संयुक्त टीम में 20 से 25 वनरक्षक, महिला पुलिसकर्मी, नगर थाना और मुफस्सिल थाना की पुलिस शामिल थी। टीम ने घर को चारों ओर से घेरकर अंदर गहन तलाशी अभियान चलाया, जो कई घंटों तक जारी रहा।

विभाग के अनुसार यह कार्रवाई पुराने दर्ज मामले में नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए की गई थी।दुमका के डीएफओ सात्विक व्यास ने बताया कि 13 जून 2025 को प्रतिबंध के बावजूद लालजी पटेल एंड कंपनी सॉ मिल के संचालन की सूचना मिलने पर वन विभाग ने छापेमारी की थी। उस दौरान पंकज राउत और सॉ मिल संचालक जयपाल राउत पर वन कर्मियों के साथ अभद्रता करने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप लगा था।डीएफओ के अनुसार मामले की जांच पूरी होने के बाद चार्जशीट दाखिल की गई, जिसमें पंकज राउत और जयपाल राउत को नामजद आरोपी बनाया गया। इसी मामले में गिरफ्तारी के लिए शनिवार को वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम महुआडंगाल स्थित पंकज राउत के आवास पहुंची थी। हालांकि, छापेमारी के दौरान पंकज राउत घर पर नहीं मिले।

 

 

 

 

error: Content is protected !!