खेत जुताई के दौरान मेड़ के विवाद में चली गोली…बुजुर्ग को मारी गोली, पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र स्थित हुटुकदाग गांव में खेत जोतने के दौरान महज़ एक ‘मेड़’ (आरी) के विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि लाठी-डंडे नहीं, बल्कि सीधे बंदूकें गरज उठीं। इस खूनी खेल में एक 60 वर्षीय बुजुर्ग को निशाना बनाया गया है।घटना के वक्त 60 वर्षीय विश्वंभर लोहरा अपने खेत की जुताई करवा रहे थे। इसी दौरान खेत की सीमा (मेड़) को लेकर उनके ही गोतिया (रिश्तेदारों) से बहस शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ी कि तैश में आए आरोपियों ने मर्यादा की सारी हदें पार करते हुए विश्वंभर पर फायरिंग कर दी। एक गोली सीधे बुजुर्ग के पेट में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।
वारदात के बाद गांव में हड़कंप मच गया। स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों ने आनन-फानन में खून से लथपथ विश्वंभर को मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (MMCH) में भर्ती कराया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। घटना की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों की भारी भीड़ जुट गई है, हर तरफ चीख-पुकार मची है।
“जमीन विवाद में गोलीबारी की घटना हुई है। पुलिस हर एक बिंदु पर गहराई से तफ्तीश कर रही है। आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा, उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।”— सौरव चौबे, छतरपुर थाना प्रभारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए छतरपुर थाना प्रभारी सौरव चौबे भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और तफ्तीश का जिम्मा संभाला। उधर, अस्पताल में तैनात टीओपी (TOP) पुलिस की टीम ने बेड पर जिंदगी और मौत से जूझ रहे जख्मी विश्वंभर लोहरा का फर्दबयान दर्ज कर लिया है।अब पुलिस की टीमें आरोपियों को दबोचने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। देखना होगा कि महज़ चंद इंच जमीन के लिए अपनों के खून का प्यासा बनने वाले ये आरोपी कब तक कानून की गिरफ्त से दूर रह पाते हैं!

