राँची: मोरहाबादी में पुलिस चेकिंग के दौरान थार चालक ने पुलिसकर्मी को मारी टक्कर,लालपुर थाना के प्राइवेट चालक गंभीर रूप से घायल

राँची।राजधानी राँची के मोरहाबादी क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस की नियमित वाहन जांच के दौरान एक सनसनीखेज घटना सामने आई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पार्क प्राइम के पास पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक थार गाड़ी, जिसका अगला शीशा पूरी तरह टूटा हुआ बताया जा रहा है, वहां पहुंची।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने वाहन को जांच के लिए रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय तेज रफ्तार से वाहन आगे बढ़ा दिया। आरोप है कि चालक ने लालपुर थाना में पदस्थापित प्राइवेट वाहन चालक राजेश यादव के ऊपर ही थार चढ़ा दी।
घटना में राजेश यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उनके सिर में गंभीर चोट आई है, जिसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिसकर्मी भी ड्यूटी के दौरान इस तरह सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े होते हैं। लोगों का कहना है कि कानून का भय कम होने के कारण इस तरह की घटनाएं बढ़ती दिखाई दे रही हैं।
फिलहाल घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि थार चालक कौन था, उसने वाहन क्यों नहीं रोका और घटना के पीछे क्या कारण थे। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
यदि पुलिस की जांच में यह आरोप सही पाया जाता है कि चालक ने जानबूझकर चालक पर वाहन चढ़ाया, तो उसके खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जा सकती है।

