रफ्तार और अंधेरे का कहर: धनबाद के बरवाअड्डा में खड़े ट्रेलर में घुसी पुलिस की गाड़ी; एक जवान की दर्दनाक मौत,चार लोग गंभीर रूप से घायल,अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज

धनबाद/हजारीबाग।झारखण्ड के धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र से एक बेहद ही दर्दनाक और हृदय विदारक खबर सामने आई है। मंगलवार तड़के नेशनल हाईवे पर जोड़ापीटल के पास एक अनियंत्रित तेज रफ्तार पुलिस गाड़ी सड़क किनारे खड़े एक विशाल ट्रेलर से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में वाहन की अगली सीट पर बैठे हजारीबाग के चलकुशा थाना में तैनात आरक्षी (कांस्टेबल) राम लखन यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य आरक्षी, एक निजी चालक और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हजारीबाग जिले के चलकुशा थाना की पुलिस टीम एक मामले के सिलसिले में धनबाद के मैथन थाना क्षेत्र में छापेमारी करने आई थी। टीम ने एक आरोपी को हिरासत में लिया था और उसे अपने साथ गाड़ी में बैठाकर वापस हजारीबाग लौट रही थी। इसी दौरान सुबह करीब 3:30 बजे जोड़ापीटल के पास नेशनल हाईवे पर यह भीषण दुर्घटना घटित हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, जोड़ापीटल के समीप नेशनल हाईवे पर अंधेरे और तेज रफ्तार के कारण पुलिस की गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रेलर को भांप नहीं सकी। गाड़ी सीधे जाकर ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी भयानक थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह से पिचक गया। वाहन में आगे की सीट पर सवार आरक्षी राम लखन यादव को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने दुर्घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
इस हादसे में मृतक के अलावा पुलिस टीम के सदस्य आरक्षी नरेश कुमार, आरक्षी ग्रीन पासवान, गाड़ी का निजी चालक और हिरासत में लिया गया व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर काफी समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
घटना की सूचना मिलते ही बरवाअड्डा थाना पुलिस तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला। सभी चारों घायलों को तत्काल धनबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति अत्यंत चिंताजनक और नाजुक बनी हुई है।
मृतक आरक्षी राम लखन यादव के परिजन कामेश्वर चौधरी ने अत्यंत भावुक होकर बताया कि राम लखन झारखण्ड पुलिस में पूरी निष्ठा के साथ कार्यरत थे और अपनी ड्यूटी पूरी करके ही लौट रहे थे। इस दुखद समाचार के मिलते ही पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने आरक्षी राम लखन यादव के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई गई है कि तड़के सुबह घने अंधेरे और वाहन की तेज रफ्तार होने की वजह से चालक सड़क किनारे खड़े ट्रेलर का सही अंदाजा नहीं लगा सका, जिसके कारण यह भीषण टक्कर हुई।

