राँची में दिनदहाड़े गुंडागर्दी: कारोबारी का पीछा कर जानलेवा हमला, स्कॉर्पियो सवार युवकों पर 78 हजार नगद और सोने की चैन लूटने का लगा आरोप…

राँची।राजधानी के रातू थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े हथियार के बल पर एक कारोबारी युवक से लूटपाट की घटना सामने आई है। पीड़ित द्वारा यह गंभीर आरोप लगाया गया है कि चार से पांच अपराधियों ने उस पर हमला कर 78 हजार रुपये नगद, सोने की चेन और मोबाइल फोन छीन लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने युवक पर पिस्टल की बट और लोहे की रॉड से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पीड़ित कारोबारी की पहचान गोविंदनगर निवासी गुंजन साहू के रूप में हुई है। घटना सोमवार शाम करीब 4:30 बजे की है, जब गुंजन टेंडर बगीचा स्थित पेट्रोल पंप के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान आनंदमयीनगर का रहने वाला नैतिक कुमार सिंह अपने 3-4 साथियों के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी से उनका पीछा करने लगा। अपराधी लगातार गुंजन को ट्रैक कर रहे थे और पीछा करते हुए वे काटीटांड़ शिव मंदिर के पास स्थित एक चाय दुकान तक पहुँच गए।
चाय दुकान के पास पहुँचते ही आरोपियों ने गुंजन साहू को घेर लिया। गाड़ी से उतरते ही नैतिक सिंह, दीपक कुमार, सुदीप कुमार और करण कुमार सिंह ने गुंजन पर हमला बोल दिया। गुंजन ने जब इस बात का विरोध किया, तो आरोपियों ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। बदमाशों ने लोहे की रॉड और पिस्टल की बट से मार-मारकर गुंजन साहू को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
मारपीट और खूनखराबे के बीच अपराधियों ने गुंजन के गले से सोने की चैन झपटी, जेब से 78 हजार रुपये नगद निकाले और उनका मोबाइल फोन भी लूट लिया। गंभीर रूप से घायल गुंजन ने जब शोर मचाना शुरू किया, तो आसपास के स्थानीय लोग मौके पर जुटने लगे। भीड़ को अपनी तरफ आता देख सभी आरोपी पीड़ित को अंजाम भुगतने की धमकी देते हुए अपनी स्कॉर्पियो से तेजी से फरार हो गए।
वारदात के बाद लहूलुहान स्थिति में पीड़ित गुंजन साहू सीधे रातू थाना पहुँचे और पुलिस को आपबीती सुनाई। उन्होंने नैतिक सिंह और उसके साथियों के खिलाफ नामजद लिखित शिकायत दर्ज कराई है और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इधर, दिनदहाड़े हुई इस वारदात को गंभीरता से लेते हुए रातू थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और सभी दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

