वियतनाम की धरती पर थमी दो जिंदगियां, आज झारखण्ड लौटेंगे राजा और विनय के शव

 

राँची। वियतनाम में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने झारखण्ड के दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। राँची के योग शिक्षक राजा कुमार वर्मा और जमशेदपुर के विनय राय की हादसे में मौत के बाद अब उनके पार्थिव शरीर शनिवार को झारखण्ड पहुंचेंगे। दोनों के शव शुक्रवार को वियतनाम में श्रद्धांजलि के बाद भारत के लिए रवाना कर दिए गए।

दोपहर एक बजे कोलकाता पहुंचेगा शव
विनय राय के पिता रमेश राय के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब एक बजे दोनों शव कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर राँची और विनय राय का शव जमशेदपुर लाया जाएगा। शवों के घर पहुंचने के बाद परिवार अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी करेगा।

शव भारत लाने के लिए चला लंबा प्रयास
राजा कुमार वर्मा के शव को भारत लाने के लिए परिवार को काफी मशक्कत करनी पड़ी। उनके एक मामा वियतनाम में मौजूद रहे और पूरी प्रक्रिया में परिवार की मदद करते रहे। वहीं, राजा के भाई ने शव को भारत लाने के लिए झारखण्ड हाई कोर्ट में याचिका भी दायर की थी। सांसद संजय सेठ ने भी विदेश मंत्रालय से संपर्क कर दोनों के पार्थिव शरीर भारत लाने के प्रयास किए।

25 सितंबर को दा-लाट में हुआ था हादसा
यह दर्दनाक हादसा 25 सितंबर को वियतनाम के दा-लाट शहर में हुआ था। बताया गया कि बाइक अनियंत्रित होकर कार की चपेट में आ गई। हादसे में राजा कुमार वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल विनय राय ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।दोनों काम खत्म करने के बाद अपने संस्थान लौट रहे थे। एक सड़क हादसे ने अचानक दोनों की जिंदगी छीन ली। अब कई दिनों के इंतजार के बाद दोनों के पार्थिव शरीर अपने घर लौट रहे हैं, जहां परिवार और परिजन उन्हें अंतिम विदाई देंगे।

error: Content is protected !!