Ranchi: जिम से वकील की चार कीमती अंगूठियां चोरी…बैग से जैकेट निकालकर चेंजिंग रूम में फेंका
–वर्कआउट के दौरान रैक पर रखे बैग से निकाला गया जैकेट, पन्ना जड़ित सोने व चांदी की अंगूठियां गायब,
राँची।राँची के चुटिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ओवरब्रिज के पास स्थित एक जिम से अधिवक्ता की चार कीमती अंगूठियां चोरी होने का मामला प्रकाश में आया है। घटना को लेकर पीड़ित अधिवक्ता अभिषेक कुमार तिवारी (पिता स्व. सतीश कुमार तिवारी), निवासी गणेश इन्क्लेव, मजिस्ट्रेट कॉलोनी, डोरंडा की शिकायत पर चुटिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
वर्कआउट के दौरान बैग में रखा था जैकेट
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, अधिवक्ता अभिषेक कुमार तिवारी प्रतिदिन की तरह 1 अक्टूबर की सुबह करीब 8:00 बजे ओवरब्रिज स्थित बोधराज हाइट्स में संचालित ‘गोप जिम’ में व्यायाम करने गए थे। वर्कआउट शुरू करने से पहले उन्होंने अपनी उंगलियों से चार अंगूठियां उतारकर जैकेट की जेब में रख दी थीं। इनमें तीन सोने की अंगूठियां (जिसमें एक पर पन्ना रत्न जड़ा हुआ था) और एक चांदी की अंगूठी शामिल थी।इसके बाद उन्होंने जैकेट को अपने जिम बैग में रखकर बैग शौचालय के पास बने रैक पर रख दिया और कसरत करने लगे।
चेंजिंग रूम में मिला जैकेट, जेब से अंगूठियां नदारद
करीब सवा घंटे बाद सुबह 9:15 बजे जब वे वर्कआउट खत्म कर बैग के पास पहुंचे, तो देखा कि बैग की चेन खुली थी और उसमें से जैकेट गायब था।उन्होंने जिम में मौजूद लोगों से पूछताछ की और तलाश शुरू की।खोजबीन के दौरान उनका जैकेट जिम के चेंजिंग रूम में पड़ा मिला।जब उन्होंने जैकेट की जेब की जांच की, तो उसमें रखी चारों अंगूठियां गायब थीं।
पुलिस कर रही है संदिग्धों की पहचान
घटना के तुरंत बाद पीड़ित अधिवक्ता ने सुबह 9:25 बजे पुलिस हेल्पलाइन 112 पर कॉल कर पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद चुटिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस जिम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वर्कआउट के दौरान रैक के पास कौन-कौन गया था और जैकेट को चेंजिंग रूम तक कौन लेकर गया। पुलिस जिम कर्मियों और उस वक्त मौजूद अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है।

