धनबाद में साइबर ठगी के नेटवर्क पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 11 गिरफ्तार; 2.85 लाख कैश और फ्रॉड की डायरी जब्त
धनबाद।साइबर अपराधियों के खिलाफ धनबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 लोगों को गिरफ्तार किया है।ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत पुलिस ने निरसा थाना क्षेत्र के पिठाक्यारी गांव में व्यापक छापेमारी कर कथित साइबर अपराध से जुड़े कई अहम सामान बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 2 लाख 85 हजार रुपये नकद,19 मोबाइल फोन,सात एटीएम और डेबिट कार्ड तथा साइबर फ्रॉड का हिसाब-किताब दर्ज एक डायरी मिली है। इसके अलावा बैंक पासबुक, चेकबुक, आधार कार्ड और पैन कार्ड भी जब्त किए गए हैं।
35 पुलिस अधिकारियों और 120 जवानों की टीम ने की छापेमारी
धनबाद जिले में साइबर अपराध से जुड़ी गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत विशेष अभियान चलाया गया। ग्रामीण एसपी एस. याकूब के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया था। इस टीम में 35 पुलिस पदाधिकारियों के साथ 120 पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया था।
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 को गुप्त सूचना मिली कि निरसा थाना क्षेत्र के पिठाक्यारी गांव में कुछ लोग साइबर अपराध से जुड़ी गतिविधियों को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना की पुष्टि के बाद विशेष टीम ने गांव में छापेमारी की। इस दौरान 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी पिठाक्यारी गांव के निवासी हैं।
एप्पल से सैमसंग तक के 19 मोबाइल जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने अलग-अलग कंपनियों के कुल 19 मोबाइल फोन बरामद किए।इनमें एप्पल,मोटोरोला,ओप्पो, वनप्लस, रेडमी, वीवो और सैमसंग के मोबाइल शामिल हैं। पुलिस ने सात एटीएम और डेबिट कार्ड, बैंक पासबुक तथा चेकबुक भी जब्त की हैं।इसके अलावा केनरा बैंक, एचडीएफसी, एसबीआई, एक्सिस बैंक, फेडरल बैंक, बंधन बैंक और जेआरजी बैंक से जुड़े दस्तावेज मिले हैं। पुलिस को पांच आधार कार्ड, दो पैन कार्ड और साइबर फ्रॉड से संबंधित विवरण वाली एक डायरी भी हाथ लगी है। अब बरामद मोबाइल, बैंकिंग दस्तावेजों और डायरी की जांच कर कथित साइबर ठगी के नेटवर्क और पैसों के लेन-देन का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
कुछ आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में राहुल कुमार उर्फ राहुल रविदास और श्यामसुंदर रविदास समेत कुछ लोगों के खिलाफ पहले से भी मामले दर्ज हैं। राहुल रविदास के खिलाफ निरसा थाना में वर्ष 2019 और 2021 के मामलों का उल्लेख है। वहीं, श्यामसुंदर रविदास के खिलाफ वर्ष 2021 और 2024 के मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है। अन्य कुछ आरोपियों के पुराने मामलों का विवरण भी पुलिस ने जारी किया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में श्यामसुंदर रविदास (22), राहुल कुमार उर्फ राहुल रविदास (लगभग 26), सचिन रविदास (लगभग 29), मलय रविदास (लगभग 30), श्यामापदो रविदास (लगभग 39), झंटू ठाकुर (लगभग 24), कुंदन वर्णवाल (लगभग 26), अरमान रविदास (लगभग 19), अजय रविदास (लगभग 35), विजय रविदास (लगभग 25) और सागर रविदास (लगभग 29) शामिल हैं।
बीएनएस और आईटी एक्ट के तहत प्राथमिकी
इस मामले में निरसा थाना कांड संख्या 334/2026, दिनांक 2 अक्टूबर 2026 के तहत बीएनएस और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन, बैंकिंग दस्तावेजों और डायरी की जांच कर रही है। जांच का उद्देश्य साइबर अपराध से जुड़े संभावित नेटवर्क, संदिग्ध बैंक खातों और लेन-देन की कड़ियों का पता लगाना है। पुलिस के मुताबिक, ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत साइबर अपराधियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

