लोहरदगा के स्मॉल फॉल में दर्दनाक हादसा, डूबे दो ममेरे-फुफेरे भाई; एक का शव मिला…
लोहरदगा। घूमने की बात कहकर घर से निकले दो ममेरे-फुफेरे भाइयों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। किस्को और जोबांग थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित देवदरिया पंचायत के मसुरियाखाड़ पुलिस पिकेट के पास स्मॉल फॉल में नहाने के दौरान दोनों डूब गए। घटना के दूसरे दिन मामले की जानकारी पुलिस और परिजनों को मिली। पुलिस ने तलाशी अभियान चलाकर एक युवक का शव बरामद कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।
मृतकों की पहचान किस्को थाना क्षेत्र के होंदगा निवासी 24 वर्षीय लाल रितेश नाथ शाहदेव, पिता अजय नाथ शाहदेव और चतरा जिले के सिमरिया निवासी राजा सिंह, पिता सनूज कुमार सिंह के रूप में हुई है। दोनों आपस में ममेरे-फुफेरे भाई थे।
गुरुवार को घूमने निकले थे दोनों, रात तक नहीं लौटे घर
जानकारी के अनुसार, दोनों गुरुवार दोपहर करीब एक बजे घूमने जाने की बात कहकर घर से निकले थे। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता होने लगी। परिजनों ने दोनों के मोबाइल फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन दोनों के मोबाइल बंद मिले।इसी बीच सड़क किनारे दोनों की मोटरसाइकिल खड़ी मिली। इसके बाद किस्को थाना पुलिस और परिजनों को इसकी सूचना दी गई। आशंका के आधार पर परिजनों ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने चलाया तलाशी अभियान, एक शव बरामद
घटना की सूचना मिलते ही किस्को एसडीपीओ दिवाकर कुमार, इंस्पेक्टर चंद्रशेखर आजाद, किस्को थाना प्रभारी वारिस हुसैन और जोबांग थाना प्रभारी विष्णु रजक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्मॉल फॉल में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान लाल रितेश नाथ शाहदेव का शव बरामद कर लिया गया, जबकि राजा सिंह का पता लगाने के लिए अभियान जारी है।समाचार लिखे जाने तक अभियान जारी था।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। इस घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

