राँची में गांजा तस्करी का बड़ा खेल बेनकाब, 97 किलो गांजा जब्त; 3 तस्कर गिरफ्तार

राँची। ओडिशा से गांजे की बड़ी खेप लेकर झारखण्ड पहुंचे तस्करों के मंसूबों पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और राँची पुलिस ने पानी फेर दिया। गुप्त सूचना पर नगड़ी इलाके में की गई कार्रवाई के दौरान करीब 97 किलो गांजा बरामद किया गया है। मौके से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो कारों को जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजे की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

रेकी के लिए आगे, गांजे की खेप पीछे वाली कार में
पुलिस के अनुसार, एनसीबी को सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजे की बड़ी खेप राँची लाई जा रही है। इसके बाद राँची पुलिस के सहयोग से नगड़ी इलाके में नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान दो कारें पुलिस के रडार पर आईं। टीम को देखकर आगे चल रही कार के चालक ने अचानक गाड़ी मोड़कर भागने की कोशिश की। पीछे चल रही दूसरी कार ने भी तेजी से निकलने का प्रयास किया। हालांकि, पहले से सतर्क एनसीबी और पुलिस की टीम ने दोनों वाहनों को घेर लिया।

तलाशी के दौरान एक कार से करीब 97 किलो गांजा बरामद हुआ। शुरुआती जांच में पता चला कि तस्करों ने पुलिस की निगरानी से बचने के लिए दो कारों का इस्तेमाल किया था। आगे चल रही कार से रास्ते की रेकी की जा रही थी, जबकि पीछे वाली कार में गांजे की खेप ले जाई जा रही थी।

बरही तक पहुंचाई जानी थी खेप, नेटवर्क खंगाल रही NCB
जांच में अब तक सामने आई जानकारी के अनुसार, गांजे की इस खेप को हजारीबाग के बरही तक पहुंचाया जाना था। गिरफ्तार आरोपियों में हजारीबाग निवासी शुभम कुमार और सूरज कुमार शामिल हैं। तीसरे आरोपी की पहचान और तस्करी के पूरे नेटवर्क को लेकर एनसीबी की टीम पूछताछ कर रही है।

अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि ओडिशा में गांजे की खेप किससे ली गई थी, इसके पीछे कौन-से सप्लायर हैं और बरही में इसे किसे सौंपा जाना था। पूछताछ के आधार पर तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

नगड़ी थाना प्रभारी की टीम की अहम भूमिका
ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी के अनुसार, एनसीबी को गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद राँची पुलिस ने एजेंसी को सहयोग दिया। संयुक्त कार्रवाई में नगड़ी इलाके से गांजे की बड़ी खेप बरामद हुई और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई में नगड़ी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार राय और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।

 

error: Content is protected !!