रात के सन्नाटे में सड़क किनारे खड़ा था मिनी ट्रक, पुलिस ने खटखटाया तो नहीं मिला जवाब; अंदर मिली चालक की लाश
रामगढ़। रात का सन्नाटा… सड़क किनारे खड़ा एक मिनी ट्रक… और अंदर से कोई जवाब नहीं। मांडू थाना क्षेत्र के हेसागढ़ा के पास गुरुवार देर रात गश्त कर रही पुलिस की नजर सड़क किनारे खड़े एक मिनी ट्रक पर पड़ी। संदेह होने पर पुलिसकर्मियों ने वाहन को खटखटाया और चालक को आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद जब पुलिस ने वाहन की जांच की तो अंदर चालक मृत अवस्था में मिला।
इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने तत्काल वाहन और आसपास के इलाके की जांच शुरू की। मृतक की पहचान राँची जिले के ठाकुरगांव थाना क्षेत्र के खाखरा गांव निवासी धर्मनाथ महतो, पिता स्व. किसनाथ महतो के रूप में हुई है। मिनी ट्रक का नंबर जेएच-01-एफवाई-4369 बताया गया है।
राँची से हाजीपुर के लिए निकले थे धर्मनाथ
जानकारी के अनुसार धर्मनाथ महतो रांची स्थित सरयू गौतम कंस्ट्रक्शन से खिड़की-दरवाजा निर्माण में इस्तेमाल होने वाले चैनल लोड कर मिनी ट्रक से हाजीपुर के लिए निकले थे। सफर के दौरान हेसागढ़ा के पास उनका वाहन सड़क किनारे खड़ा मिला।
गश्ती के दौरान पुलिस को वाहन असामान्य स्थिति में लगा। पुलिसकर्मियों ने चालक को आवाज लगाई और वाहन खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद वाहन की जांच की गई तो धर्मनाथ महतो अंदर मृत मिले।
थाना प्रभारी पहुंचे, परिजनों को दी गई सूचना
घटना की जानकारी मिलते ही मांडू थाना प्रभारी सदानंद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की और मृतक के परिजनों को इसकी सूचना दी।शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के चचेरे भाई रामलखन महतो, राजकिशोर महतो, देवेंद्र महतो, प्रभु महतो और विजेंद्र महतो समेत अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। अचानक हुई मौत की खबर से परिवार में मातम पसर गया।
पोस्टमार्टम से सामने आएगी मौत की असली वजह
मांडू पुलिस ने जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेज दिया। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।फिलहाल धर्मनाथ महतो की मौत कैसे हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। मौत प्राकृतिक कारणों से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

