एथेनॉल टैंकर पलटा तो मची अफरातफरी, खतरे से बेखौफ बाल्टी-गैलन लेकर दौड़े लोग

 

सरायकेला। चांडिल थाना क्षेत्र के चिलगू में शनिवार सुबह टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-33) पर उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब एथेनॉल से लदा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के दौरान टैंकर की चपेट में सामने से आ रही एक कार भी आ गई। कार में सवार तीन लोगों और टैंकर चालक को चोटें आई हैं। हालांकि सभी खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

बताया गया कि टैंकर धनबाद से एथेनॉल लेकर भुवनेश्वर जा रहा था। चिलगू में पुराने पुल को तोड़कर नए पुल का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य के कारण इस हिस्से में फिलहाल यातायात सिंगल लेन से संचालित हो रहा है। इसी दौरान टैंकर चालक के सामने एक साथ दो तेज रफ्तार वाहन आ गए। चालक विनय सिंह के अनुसार, वाहनों को बचाने के प्रयास में टैंकर का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गया।

टैंकर के पलटते ही उसमें भरा एथेनॉल सड़क पर बहने लगा। अत्यंत ज्वलनशील पदार्थ के रिसाव की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग और राहगीर दुर्घटनास्थल पर जमा हो गए। स्थिति उस समय और चिंताजनक हो गई, जब कुछ लोग खतरे की परवाह किए बिना बाल्टी और गैलन लेकर रिस रहे एथेनॉल को भरने लगे।

मौके पर पहुंची चांडिल थाना पुलिस ने तत्काल लोगों को वहां से हटाया और दुर्घटनाग्रस्त टैंकर के पास जाने से रोक दिया। पुलिस की सतर्कता से संभावित बड़ा हादसा टल गया। एथेनॉल अत्यंत ज्वलनशील होने के कारण घटनास्थल पर आग लगने का गंभीर खतरा बना हुआ था।

पुलिस ने इसके बाद हाइड्रा क्रेन की मदद से पलटे टैंकर को सड़क से हटाने और क्षतिग्रस्त कार को किनारे कराने की कार्रवाई शुरू की। हादसे के कारण NH-33 पर कुछ देर तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। दुर्घटनास्थल से गुजरने वाले वाहन चालक भी एहतियात बरतते नजर आए।

इधर, हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने पुल निर्माण कार्य की धीमी गति को लेकर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से पुल निर्माण के कारण इस मार्ग पर सिंगल लेन से यातायात चल रहा है। इससे जाम के साथ दुर्घटना का खतरा भी लगातार बना रहता है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से पुल निर्माण कार्य में तेजी लाकर जल्द से जल्द यातायात को सामान्य करने की मांग की है।

error: Content is protected !!