दो दिन से लापता महिला का कोयल नदी में मिला शव, ड्रोन से खोजबीन के बाद पत्थरों के बीच दिखी लाश

लोहरदगा।जिले के सदर थाना क्षेत्र में शनिवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बाघा और हिरही स्कूल जोबला टोली के बीच कोयल नदी से एक महिला का शव बरामद किया गया। महिला गुरुवार से लापता थी और परिजन उसकी तलाश में जुटे थे। शनिवार सुबह ड्रोन कैमरे से नदी में खोजबीन के दौरान पत्थरों के बीच शव दिखाई दिया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे ग्रामीणों ने नदी में एक महिला का शव बहते हुए देखा था। इसके बाद शनिवार सुबह नदी में दोबारा तलाश शुरू की गई। ड्रोन कैमरे की मदद से खोजबीन की गई तो नदी के बीच पत्थरों में शव फंसा हुआ नजर आया।
शव मिलने की सूचना पर सदर थाना के एएसआई कुलदीप राज टोप्पो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। चौकीदार समसुल अंसारी और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला गया।मृतका की पहचान चान्हो थाना क्षेत्र के बदरी ताला निवासी सुको उरांव (पति दिनेश उरांव) के रूप में हुई है।
परिजनों के मुताबिक, सुको उरांव गुरुवार को कुडू थाना क्षेत्र के उमरी गांव स्थित अपने रिश्तेदार के घर गई थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद परिजनों ने उसके लापता होने की लिखित शिकायत थाने में दर्ज कराई थी। इसी बीच कोयल नदी में महिला का शव मिलने की खबर ने परिवार को झकझोर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेज दिया। सदर थाना की एएसआई अल्बीना लकड़ा की मौजूदगी में शनिवार शाम करीब चार बजे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई।उसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।फिलहाल महिला की मौत नदी में डूबने से हुई या घटना के पीछे कोई दूसरी वजह है, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।

