रामगढ़ में बेकाबू रफ्तार का कहर: टायर मोड़ पर बस ने दो युवकों को रौंदा, शव सड़क पर रख घंटों हंगामा

रामगढ़।रामगढ़ के टायर मोड़ पर रफ्तार का जानलेवा तांडव देखने को मिला, जहां एक अनियंत्रित अज्ञात सिटी राइड बस ने दोपहिया वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी और भारी आक्रोश व्याप्त है।
मुआवजे की मांग पर अड़े लोग, चक्का जाम
हादसे के तुरंत बाद उग्र ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने दोनों मृतकों के शवों को बीच सड़क पर रखकर यातायात पूरी तरह ठप कर दिया। आक्रोशित लोग पीड़ित परिवारों के लिए उचित मुआवजे और आरोपी बस चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं। सड़क जाम होने से मार्ग के दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई हैं।
जांच में जुटी पुलिस, शांति की अपील
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उग्र भीड़ को शांत कराने के प्रयास में जुट गई। प्रशासन लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाने की कोशिश कर रहा है। वहीं, दुर्घटना के बाद फरार हुई सिटी राइड बस और उसके चालक की पहचान के लिए पुलिस ने आसपास की नाकेबंदी कर जांच शुरू कर दी है।

