प्यार का खतरनाक जुनून: प्रेमी को बचाने के लिए नाबालिग ने पुलिस पर ही चला दिया चाकू….कोडरमा में आधी रात को हाई-वोल्टेज ड्रामा…

कोडरमा।​झारखण्ड के कोडरमा जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र के गरागड़गी गांव में सोमवार की आधी रात को प्यार के जुनून का एक ऐसा खौफनाक और हैरान कर देने वाला ड्रामा देखने को मिला, जिसने कानून के रखवालों के भी होश उड़ा दिए। दरअसल, जयनगर थाने की पुलिस टीम जब 6 जुलाई से लापता एक नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद करने और उसे भगाकर शादी करने वाले आरोपी युवक राहुल दास को गिरफ्तार करने पहुंची, तो वहां भारी हंगामा खड़ा हो गया। अपने प्रेमी को पुलिस के शिकंजे से बचाने के लिए इस नाबालिग लड़की ने अपनी ही मां और पुलिसकर्मियों के सामने हाथ में धारदार चाकू उठा लिया और सीधे पुलिस टीम पर ही हमला बोल दिया।

​घटना उस समय की है जब जयनगर थाना प्रभारी विकास कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गरागड़गी गांव में दबिश देने पहुंची थी। जैसे ही एक महिला पुलिसकर्मी ने हिम्मत दिखाते हुए घर का दरवाजा खोला और भीतर जाने की कोशिश की, वैसे ही कमरे में छिपी नाबालिग लड़की ने अचानक उन पर चाकू से जानलेवा वार कर दिया। गनीमत यह रही कि महिला पुलिसकर्मी ने बेहद सतर्कता दिखाई और खुद को बचा लिया, जिससे वे बाल-बाल बच गईं। इस अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और इसी हंगामे का पूरा फायदा उठाकर आरोपी प्रेमी राहुल दास अंधेरे में फरार होने में कामयाब रहा।

​कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने हंगामा कर रही नाबालिग युवती को किसी तरह काबू में किया, लेकिन पकड़े जाने के बाद भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ और उसने सीधे पुलिस को धमकी दी कि यदि उसके प्रेमी को कुछ भी हुआ तो वह अपनी जान दे देगी। पुलिस ने युवती के पास से हमलावर चाकू बरामद कर लिया है और उसे देर रात ही कोडरमा के सखी सेंटर भेज दिया गया है, जबकि फरार राहुल दास की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

​इस अजीबोगरीब प्रेम कहानी का अतीत भी बेहद पेचीदा रहा है, क्योंकि करीब दो साल पहले भी यह नाबालिग लड़की इसी राहुल दास के साथ भाग गई थी, जिसे पुलिस ने तब धनबाद से बरामद किया था और आरोपी को जेल जाना पड़ा था। हाल ही में जेल से छूटने के बाद आरोपी ने दोबारा इस नाबालिग से शादी कर ली। इस बिखरे हुए परिवार का दर्द यह भी है कि लड़की के माता-पिता अलग रहते हैं और ठीक एक साल पहले उसकी बड़ी बहन ने भी प्रेम प्रसंग के चलते फांसी लगाकर अपनी जान दे दी थी।

error: Content is protected !!