रामगढ़: नाले में तैरती मिली युवक की लाश, किनारे खड़ी बाइक बयां कर रही कोई गहरी साजिश…जांच में जुटी है पुलिस

रामगढ़। झारखण्ड के रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र स्थित होन्हे के ‘कोची नाला’ से जब एक युवक की लाश पानी के ऊपर तैरती दिखी, तो पूरे इलाके के लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई। मृतक की पहचान चितरपुर के रहमत नगर निवासी गुड्डू के रूप में हुई है, जिसकी रहस्यमयी मौत ने कई अनसुलझे सवाल खड़े कर दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार,सोमवार की शाम करीब 5:00 बजे गुड्डू रोज की तरह अपने घर से निकला था। जब रात ढलने पर भी वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों की धड़कनें बढ़ने लगीं। रात भर खोजबीन की गई, हर संभावित ठिकाने पर दस्तक दी गई, लेकिन गुड्डू का कहीं कोई सुराग नहीं मिला।
मंगलवार की सुबह जब होन्हे स्थित कोची नाला के पास से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर पानी में तैरते शव पर पड़ी, तो कोहराम मच गया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई। हैरान करने वाली बात यह थी कि नाले के ठीक बगल में गुड्डू की मोटरसाइकिल भी खड़ी मिली। गाड़ी वहीं थी, लेकिन गुड्डू की सांसें थम चुकी थीं।
सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल रामगढ़ भेज दिया है।
थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी,एक युवक का शव नाले में है, जिसके बाद तुरंत टीम मौके पर पहुंची। शव को पानी से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल से मोटरसाइकिल बरामद हुई है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। पुलिस हर एंगल से मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
गुड्डू की मौत सामान्य हादसा है, कोई गहरी साजिश या फिर हत्या? इस बात को लेकर पूरे चितरपुर और होन्हे इलाके में कयासों का बाजार गर्म है। उधर, गुड्डू की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और रहमत नगर में मातम का सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस के लिए अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गुड्डू की आखिरी कॉल डिटेल्स इस रहस्य से पर्दा उठाने में सबसे बड़ी कड़ी साबित होंगी।

