देवघर पुलिस के हत्थे चढ़ा दो शातिर अपराधी…पूछताछ में खुला कई वारदातों का राज… हत्या, लूट, अपहरण और छिनतई के मामलों का खुलासा

देवघर।झारखण्ड के देवघर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मोहनपुर थाना पुलिस ने अवैध हथियार के साथ दो ऐसे शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी गिरफ्तारी के बाद हत्या, लूट, छिनतई और अपहरण समेत कई संगीन वारदातों की परतें खुलने लगी हैं। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने देवघर और बिहार के सीमावर्ती इलाकों में कई बड़ी घटनाओं में अपनी भूमिका स्वीकार की है।

एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर 5 जुलाई को मोहनपुर रेलवे स्टेशन के समीप विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान दो युवकों को चोरी की बाइक, चार मोबाइल फोन और अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरोह का एक अन्य सदस्य फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

पूछताछ में आरोपियों ने 18 जून को देवीपुर थाना क्षेत्र में हुई उस सनसनीखेज वारदात में शामिल होने की बात भी स्वीकार की, जिसमें मोबाइल और बाइक लूटने के दौरान बाइक नहीं रोकने पर सुभाष मंडल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में देवीपुर थाना में पहले से प्राथमिकी दर्ज है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने जसीडीह थाना क्षेत्र में एक सीएसपी संचालक से लूट, पथरड्डा क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी और जसीडीह में रूपेश दास के अपहरण के बाद मोबाइल व नकदी लूटने जैसी घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजीव कुमार दास (25) और संजीव कुमार दास (20) के रूप में हुई है। दोनों देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र स्थित आमगाछी गांव के निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से एक लोडेड देसी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन, 1,800 रुपये नकद और चोरी की एक ग्लैमर बाइक बरामद की है।इस संबंध में मोहनपुर थाना में कांड संख्या 114/2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से रहा है। इनके खिलाफ मोहनपुर थाना में डकैती, लूट और चोरी के मामलों सहित कई केस दर्ज हैं। जसीडीह थाना में बाइक छिनतई, पथरड्डा क्षेत्र में अपहरण कर फिरौती मांगने तथा देवीपुर में लूट की नीयत से गोली मारकर हत्या करने के मामले में भी इनकी संलिप्तता सामने आई है। इसके अलावा बिहार के जमुई जिले के विभिन्न थानों में भी लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य आपराधिक मामलों में इनके खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में आने वाले दिनों में कई और वारदातों का खुलासा हो सकता है।

error: Content is protected !!