चाईबासा का कुख्यात चोर मोहम्मद नफीस का ओडिशा में हॉफ एनकाउंटर…चोरी का माल बरामद कराने जंगल ले गई थी पुलिस…और हो गई मुठभेड़

 

जैंतगढ़/चाईबासा। झारखण्ड-ओडिशा सीमा पर वर्षों से पुलिस के लिए सिरदर्द बना कुख्यात अंतरराज्यीय चोर मोहम्मद नफीस आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया। सोमवार तड़के ओडिशा के क्योंझर जिले के चंपुआ थाना क्षेत्र के पटला फॉरेस्ट में चोरी का सामान बरामद कराने के दौरान उसने पुलिस टीम पर अचानक दो राउंड फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो नफीस के दाहिने घुटने में लगी। घायल होने के बाद वह मौके पर ही धर दबोचा गया। 

पुलिस के मुताबिक, पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव प्रखंड का रहने वाला मोहम्मद नफीस झारखण्ड और ओडिशा के सीमावर्ती इलाकों में लंबे समय से सक्रिय था। उसके खिलाफ क्योंझर, मयूरभंज समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी और डकैती के 30 से अधिक मामले दर्ज हैं और पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी।

पूछताछ के दौरान नफीस ने खुलासा किया कि चोरी का सामान चंपुआ के पास स्थित पटला फॉरेस्ट में छिपाकर रखा गया है। इसी सूचना के आधार पर सोमवार सुबह करीब पांच बजे पुलिस उसे बरामदगी के लिए जंगल लेकर पहुंची।बरामदगी के दौरान आरोपी ने पहले से जंगल में छिपाकर रखी गई एक देसी बंदूक निकाल ली और पुलिस टीम पर लगातार दो राउंड फायरिंग कर दी। अचानक हुए हमले के बाद उसने जंगल का फायदा उठाकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तत्काल जवाबी कार्रवाई की। एक गोली उसके दाहिने घुटने में लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे दोबारा हिरासत में ले लिया।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से एक देसी बंदूक बरामद की। घायल नफीस को पहले चंपुआ अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे क्योंझर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

इस पूरे मामले में चंपुआ थाना में कांड संख्या 257/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) और 296 के अलावा आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस अब मोहम्मद नफीस के अंतरराज्यीय नेटवर्क, उसके सहयोगियों और चोरी के बाकी सामान की बरामदगी में जुट गई है। अधिकारियों का मानना है कि नफीस से पूछताछ में झारखंड और ओडिशा के सीमावर्ती इलाकों में हुई कई बड़ी चोरी और डकैती की वारदातों से पर्दा उठ सकता है।

error: Content is protected !!