राँची के चुटिया में पीएलएफआई के नाम पर व्यवसायी से 50 लाख की रंगदारी मांग, दहशत में पूरा परिवार

राँची। राजधानी राँची के चुटिया थाना क्षेत्र से रंगदारी और धमकी का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। मकचुन्द टोली (हनुमान मंदिर के पीछे) के रहने वाले व्यवसायी धर्मवीर सिंह से प्रतिबंधित संगठन पीएलएफआई के नाम पर 50 लाख रुपये की मोटी रंगदारी मांगी गई है। रंगदारी की रकम न देने पर पूरे परिवार और बच्चों पर ‘फौजी कार्रवाई’ (जानलेवा हमला) करने की खौफनाक धमकी दी गई है, जिसके बाद से पीड़ित का पूरा परिवार गहरे खौफ के साए में जीने को मजबूर है। इस मामले में चुटिया थाने में एफआईआर दर्ज हुआ है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
एक बार नहीं, दो-दो बार आई धमकी भरी कॉल
पीड़ित धर्मवीर सिंह के अनुसार, यह कोई एक बार का मामला नहीं है। पिछले कुछ दिनों से उनके मोबाइल पर लगातार अलग-अलग नए नंबरों से कॉल आ रहे थे। शुरुआत में जब उन्होंने एक कॉल रिसीव किया, तो कॉलर ने खुद को संगठन का सदस्य बताया। उस वक्त व्यवसायी ने बात पूरी न सुनते हुए उसे नजरअंदाज कर दिया और कॉल काट दी। लेकिन अपराधियों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने दूसरी बार फिर से निशाना बनाया। इस बार 29 जून 2026 की शाम करीब 5:00 बजे अपराधियों ने उनके व्हाट्सएप नंबर पर सीधे संगठन का धमकी भरा पत्र (लेटर पैड) भेज दिया।
‘क्रांतिकारी लाल सलाम’ का लेटर, बच्चों को भी निशाना बनाने की धमकी
अपराधियों द्वारा भेजे गए पत्र में साफ तौर पर ‘क्रांतिकारी लाल सलाम संगठन’ का जिक्र है। पत्र में लिखा गया है कि अगर 50 लाख रुपये की रंगदारी का डिमांड पूरा नहीं किया गया, तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहें। सबसे ज्यादा परेशान करने वाली बात यह है कि अपराधियों ने पीड़ित के दोनों बच्चों को भी टारगेट पर लिया है। पत्र में इस बात का विशेष उल्लेख किया गया है कि उनके बच्चे ऑक्सफोर्ड स्कूल में पढ़ते हैं। बच्चों की पूरी रेकी (निगरानी) किए जाने की बात सामने आने के बाद से धर्मवीर सिंह और उनकी पत्नी अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर बुरी तरह सहमे हुए हैं।
इन 5 संदिग्ध नंबरों से आ रहे थे फोन
पीड़ित ने पुलिस को सौंपे शिकायती पत्र में उन सभी पांच नंबरों का ब्योरा दिया है, जिनसे उन्हें लगातार परेशान और प्रताड़ित किया जा रहा था। ये संदिग्ध नंबर 9451822602, 9401229602, 9401323273, 9401089214, 9401089361, इसके अलावा जिस व्हाट्सएप नंबर (639758279754) से धमकी भरा पत्र भेजा गया है, उसकी जानकारी भी पुलिस को दे दी गई है।

