Ranchi:बच्चे को थप्पड़ मारने का विरोध करना पड़ा भारी, चाचा पर तानी पिस्तौल; चाकू से गले पर किया वार
राँची।बच्चे को थप्पड़ मारने का विरोध करना एक चाचा को भारी पड़ गया। भतीजे के साथ हुई मारपीट का कारण पूछने पहुंचे चाचा पर आरोपियों ने पिस्तौल तान दी और मारपीट शुरू कर दी। इतने से भी मन नहीं भरा तो चाकू से गले पर हमला कर दिया। गनीमत रही कि चाकू गले को छूते हुए निकल गया और उन्हें केवल खरोंच आई। किसी तरह जान बचाकर चाचा अपने भतीजे के साथ वहां से भागे।
सनसनीखेज मामला कांके थाना क्षेत्र के नगड़ी गांव का है। इस संबंध में गांव के अख्तर अंसारी ने अमृत टोप्पो और उसके तीन-चार सहयोगियों के खिलाफ कांके थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
अख्तर अंसारी के आवेदन के अनुसार, उनका भतीजा गांव के अखरा स्थित स्कूल जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में अमृत टोप्पो ने उसे थप्पड़ मार दिया। आरोप है कि इसके बाद उसने पिस्तौल दिखाकर बच्चे को डराया-धमकाया भी। डरा-सहमा बच्चा घर पहुंचा और अपने चाचा अख्तर अंसारी को पूरी घटना बताई।
भतीजे को लेकर कारण पूछने पहुंचे चाचा, घेरकर किया हमला
बच्चे के साथ हुई घटना की जानकारी मिलने के बाद अख्तर अंसारी अपने भतीजे को लेकर अमृत टोप्पो के पास पहुंचे। उन्होंने उससे बच्चे को थप्पड़ मारने का कारण पूछा। आरोप है कि सवाल पूछते ही अमृत टोप्पो और उसके तीन-चार सहयोगी उग्र हो गए। सभी ने मिलकर अख्तर को घेर लिया। इसके बाद उन पर पिस्तौल तान दी गई और मारपीट शुरू कर दी गई।
चाकू से गले पर वार, बाल-बाल बचे
अख्तर अंसारी के आवेदन में आरोप लगाया गया है कि इसी दौरान अमृत टोप्पो ने चाकू से उन पर हमला कर दिया। अख्तर ने बचने की कोशिश की, लेकिन चाकू उनके गले को छूता हुआ निकल गया। इससे गले पर हल्की खरोंच आई। इसके बाद अख्तर अपने भतीजे के साथ किसी तरह वहां से जान बचाकर भागे और ग्रामीणों को पूरी घटना की जानकारी दी।
मामले को लेकर इलाके में चर्चा है। अख्तर अंसारी ने कांके थाना में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर रही है।फिलहाल घटना में लगाए गए आरोपों की पुलिस स्तर पर पुष्टि होनी बाकी है।

