पति के ऑपरेशन के लिए बैंक से निकाले थे 4 लाख, बाजार में महिला से झोला छीनकर फरार हुआ उचक्का,दूसरा साथी कर रहा था रेकी
पलामू।पति की सर्जरी के लिए बैंक से चार लाख रुपये निकालकर बाजार पहुंची महिला को शायद अंदाजा भी नहीं था कि कोई उसकी हर गतिविधि पर नजर रख रहा है। खरीदारी के बाद घर जाने के लिए गाड़ी पकड़ने पहुंची महिला के हाथ से अचानक रुपयों से भरा झोला छीन लिया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पैदल ही भाग निकला। बताया जा रहा है कि इस लूट में एक अन्य युवक भी शामिल था, जो आसपास रहकर रेकी कर रहा था।
घटना बुधवार को मेदिनीनगर के तिनकोनिया गैरेज के पास हुई। चैनपुर थाना क्षेत्र के सलतुआ गांव निवासी भोला साव की पत्नी ललिता देवी (32) अपने ससुर के साथ शहर के मुख्य बाजार स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक पहुंची थीं। उन्होंने पति के कमर के ऑपरेशन के लिए बैंक से चार लाख रुपये निकाले थे। बैंक से निकलने के बाद उन्होंने बाजार में कुछ खरीदारी की और फिर घर लौटने के लिए वाहन पकड़ने तिनकोनिया गैरेज की ओर चली गईं।
ललिता देवी महिंद्रा आर्केड रोड से पैदल तिनकोनिया गैरेज पहुंची थीं। वहां वह वाहन का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान पैदल आए एक युवक ने अचानक उनके हाथ से रुपयों से भरा झोला झपट लिया और तेजी से भागने लगा। महिला कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही आरोपी मौके से दूर निकल गया।
बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने वाले युवक के साथ एक अन्य युवक भी मौजूद था। वह आसपास की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। घटना के वक्त महिला के ससुर सब्जी खरीदने गए हुए थे। आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने महिला के बैंक से निकलने के बाद ही उनकी गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी थी।
घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस सक्रिय हुई। थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।बैंक से निकलने के बाद महिला जिन रास्तों से गुजरीं और जहां-जहां खरीदारी की, उन स्थानों के सीसीटीवी फुटेज भी देखे जा रहे हैं। पुलिस संदिग्ध युवकों की पहचान करने में जुटी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इधर, पति के ऑपरेशन के लिए निकाली गई चार लाख रुपये की रकम छिन जाने से महिला और उनके परिवार की परेशानी बढ़ गई है।

