चलती पानी टैंकर वाहन में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

गुवा।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा में बराईबुरू और बोकना गांव के बीच मुख्य सड़क पर शुक्रवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया, जब पानी ढोने वाली एक छोटा हाथी वाहन में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।हालांकि चालक की सूझबूझ और फुर्ती से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।घटना शुक्रवार शाम करीब 3 बजे की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चलते वाहन से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते उसमें आग भड़क उठी।आग तेजी से फैलने लगी, लेकिन चालक ने बिना घबराए तुरंत वाहन रोककर बाहर छलांग लगा दी और अपनी जान बचा ली।जानकारी के अनुसार, यह वाहन मेघाहातुबुरु निवासी रौशन का था,जो मेघाहातुबुरु से बड़ाजामदा की ओर जा रहा था।वाहन में दो बड़े पानी के टैंक लदे हुए थे।चालक ने तत्परता दिखाते हुए आगे बढ़ने से पहले दोनों टैंकों को नीचे उतार दिया, जिससे आग और विकराल होने से बच गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि टैंक वाहन पर ही रहते तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।घटना की सूचना मिलते ही बड़ाजामदा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आग तकनीकी खराबी के कारण लगी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।
इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन वाहन पूरी तरह जल जाने से मालिक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा. घटना के बाद कुछ देर तक सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

